अन्यताजा खबरमनोरंजनराष्ट्रीय

‘पुष्पा 2′ स्क्रीनिंग मौत मामला : हैदराबाद की जेल से रिहा हुए अल्लू अर्जुन, हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी जेल में काटनी पड़ी रात

हैदराबाद। ‘पुष्पा 2′ के प्रीमियर के दौरान भगदड़ में एक महिला की मौत के मामले में गिरफ्तार किए गए तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन को तेलंगाना हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद शनिवार को जेल से रिहा कर दिया गया। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बावजूद अर्जुन को शुक्रवार रात जेल में ही बितानी पड़ी, क्योंकि अधिकारियों को देर रात तक जमानत आदेश की प्रति नहीं मिली थी।

चिंता की कोई बात नहीं, मैं ठीक हूं : अल्लू अर्जुन

अभिनेता अल्लू अर्जुन जुबली हिल्स स्थित अपने आवास पहुंचे। जहां अल्लू अर्जुन ने कहा, “मैं आपके प्यार और समर्थन के लिए सभी को धन्यवाद देता हूं। मैं अपने सभी प्रशंसकों को धन्यवाद देना चाहता हूं। चिंता की कोई बात नहीं है। मैं ठीक हूं। मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं और मैं सहयोग करूंगा। मैं एक बार फिर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना चाहता हूं। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी जो हुआ उसके लिए हमें खेद है… मैं समर्थन के लिए परिवार के साथ हूं मैं जो कुछ भी कर सकता हूं मैं उनके लिए करूंगा..”

वकील ने लगाए अधिकारियों पर आरोप

अल्लू अर्जुन के वकील अशोक रेड्डी ने चंचलगुडा जेल के बाहर संवाददाताओं को बताया,‘‘ उन्हें रिहा कर दिया गया है।” रेड्डी ने आरोप लगाया कि जेल अधिकारियों ने हाईकोर्ट के आदेश की प्रति मिलने के बावजूद अभिनेता को रिहा नहीं किया। रेड्डी ने कहा, ‘‘आपको सरकार और विभाग से पूछना चाहिए कि उन्होंने आरोपी को रिहा क्यों नहीं किया। हाईकोर्ट का आदेश बहुत स्पष्ट है। जैसे ही आपको (जेल अधिकारियों को) आदेश प्राप्त होता है, उन्हें तुरंत रिहा करना होता है। स्पष्ट आदेश के बावजूद उन्होंने रिहा नहीं किया, उन्हें जवाब देना होगा। यह एक अवैध हिरासत है। हम कानूनी कदम उठाएंगे।” उनके अनुसार अर्जुन को जेल में ‘‘विशेष श्रेणी के कैदी” के तौर पर रखा गया था।

स्थानीय कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था

अल्लू अर्जुन को शुक्रवार सुबह उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हालांकि, उसके वकीलों ने हाईकोर्ट का रुख किया और अल्लू अर्जुन को अंतरिम जमानत मिल गई।

क्या है मामला

दरअसल, हैदराबाद के संध्या थियेटर में 5 दिसंबर की रात अल्लू की फिल्म पुष्पा 2 का प्रीमियर शो रखा गया था। फैंस तब और बेकाबू हो गए जब उन्हें सुनने में आया कि अल्लू स्क्रीनिंग में पहुंचने वाले हैं। अपने फेवरेट एक्टर को देखने के लिए लोग ऐसे उमड़े कि वहां पर भगदड़ मच गई। इसमें एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, दिलसुखनगर की रहने वाली रेवती (39) अपने पति और दो बच्चों, श्री तेज (9) सान्विका (7) के साथ संध्या थियेटर फिल्म देखने पहुंची थी। जैसे ही अल्लू वहां पर आए एक्टर को देखने के लिए फैंस बेकाबू हो गए।

थियेटर गेट्स से अंदर जाने के लिए लोगों में धक्का मुक्की होने लगी। इसी दौरान भगदड़ के चलते रेवती और उसका बेटा बेसुध हो गए। 9 साल का श्री तेज बेकाबू भीड़ में दब गया। पुलिस तुरंत मां-बेटे को विद्यानगर के दुर्गा भाई देशमुख अस्पताल लेकर गई। वहां रेवती को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उनके बेटे की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उसे इलाज के लिए Begumpet के KIMS अस्पताल में ट्रांसफर किया गया है।

नाश्ता तक करने नहीं दिया- अल्लू अर्जुन

अभिनेता अल्लू अर्जुन ने अपनी गिरफ्तारी के तरीके पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उन्हें नाश्ता तक करने और कपड़े बदलने तक का समय भी नहीं दिया। एक वायरल वीडियो में देखा गया कि अल्लू घर से नीचे उतरते हैं, जहां उनका नौकर चाय और पानी लेकर आता है। वीडियो में अल्लू अर्जुन को चाय पीते हुए और अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी को समझाते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले जाती है।

गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने अल्लू अर्जुन को हैदराबाद स्थित उनके घर से हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। अभिनेता के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और 118(1) के तहत गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बयान दर्ज करने और मेडिकल जांच के लिए उस्मानिया अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में उनके निजी बॉडीगार्ड संतोष को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

घटना के बाद अल्लू अर्जुन ने जताया शोक

महिला की मौत पर अल्लू अर्जुन और उनकी टीम ने शोक जताया था। इसके बाद वो मृतिका के परिवार से मिलने भी गए थे। इसके साथ ही, उन्होंने महिला के परिवार को 25 लाख रुपए की आर्थिक मदद का वादा भी किया था।

1800 करोड़ के आंकड़े को छू सकती है फिल्म

फिल्म ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो पुष्पा-2 सिर्फ हिंदी बेल्ट में ही 750 करोड़ का बिसनेस कर सकती है, जो कि अभूतपूर्व है। इसके वर्ल्डवाइड 1500-1800 करोड़ कलेक्शन की उम्मीद है। फिल्म ऐसा करने में सफल होती है तो कमाई के मामले में फिल्म दंगल को पछाड़ सकती है। बता दें, दंगल का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 2070 करोड़ है।

इससे पहले हिंदी बेल्ट में सबसे अधिक कमाई का रिकॉर्ड फिल्म स्त्री-2 के नाम है, जिसने लगभग 600 करोड़ का कलेक्शन किया था।

पुष्पा-2 ने किए कई रिकॉर्ड कायम

फिल्म पुष्पा-2 ने ओपनिंग डे पर वर्ल्डवाइड 294 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया, जिसमें इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 175.1 करोड़ और हिंदी वर्जन में 72 करोड़ की कमाई शामिल है। इसके साथ फिल्म ने एसएस राजामौली की RRR के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

हिंदी बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने कमाल किया है। फिल्म ने महज 7 दिनों में लगभग 400 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। इससे पहले हिंदी बॉक्स ऑफिस पर सबसे तेज 400 करोड़ का आंकड़ा छूने का रिकॉर्ड शाहरुख खान की फिल्म जवान के नाम था।

आपको बता दें, ‘पुष्पा-2’ तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी समेत पांच भाषाओं में रिलीज हुई है।

2021 में रिलीज हुई ‘पुष्पा: द राइज’

2021 में रिलीज हुई ‘पुष्पा: द राइज’ यह साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म साबित हुई। इसने भारत में 313 करोड़ और वर्ल्डवाइड 350 करोड़ का बिजनेस किया। तेलुगु सिनेमा में यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में छठे स्थान पर है।

ये भी पढ़ें- अल्लू अर्जुन गिरफ्तार, संध्या थिएटर केस में पुलिस ने लिया एक्शन

संबंधित खबरें...

Back to top button