पंजाब के मोहाली में गिरी बिल्डिंग : एक और शव मिला... अब तक 2 की मौत, कई लोग अब भी दबे; मकान मालिक के खिलाफ FIR

मोहाली। पंजाब के मोहाली में शनिवार शाम को बेसमेंट की खोदाई के दौरान एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग ताश के पत्तों की तरह ढह गई। करीब 18 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF और आर्मी की टीमों ने रविवार सुबह मलबे से एक और शव निकाला। इससे पहले रात में एक लड़की को निकाला गया था, जो जिंदा थी। हालांकि, सोहाना अस्पताल में इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत गई। NDRF अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में 5 लोग दब गए थे। इनमें 3 लड़के और 2 लड़कियां थीं। मलबे में दबे अन्य लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू जारी है।
हिमाचल की थी मृतक लड़की
मृतक लड़की की पहचान 20 वर्षीय दृष्टि वर्मा के रूप में हुई है, जो हिमाचल प्रदेश के ठियोग की निवासी थी। कार्यवाहक उपायुक्त विराज एस तिड़के के अनुसार, दृष्टि वर्मा को गंभीर हालत में मलबे से निकाला गया और उसे सोहाना अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
फरार मकान मालिक पर FIR
मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दीपक पारीक ने बताया कि, इमारत के मालिकों परविंदर सिंह और गगनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ शनिवार रात को पुलिस स्टेशन सोहाना में BNS की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बचाव कार्य के तहत कई मशीनों का इस्तेमाल मलबा हटाने में किया जा रहा है। मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया। तिड़के ने कहा कि अगर किसी को लगता है कि उनका परिवार मलबे में फंसा हो सकता है, तो वे जिला नियंत्रण कक्ष पर 0172-2219506 नंबर पर फोन कर सकते हैं।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुद्वारा सोहाना साहिब के पास शाम करीब 4:30 बजे हुआ। लोगों के मुताबिक यह बिल्डिंग करीब 10 साल पुरानी थी। इसके बगल में बेसमेंट की खुदाई चल रही थी, जिससे बिल्डिंग की नींव कमजोर हो गई और वह गिर गई। हादसे के तीन घंटे बाद एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। बिल्डिंग गिरने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करवा दिया।




















