महाराष्ट्र के पुणे में हादसा : डंपर ने फुटपाथ पर सो रहे 9 लोगों को कुचला, 2 बच्चों समेत तीन की मौत; नशे में था ड्राइवर

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में एक डंपर ने फुटपाथ पर सो रहे 9 लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा वाघोली के केसनंद फाटा इलाके में हुआ। डंपर चलाने वाला ड्राइवर नशे में था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा केसनंद फाटा के पास वाघोली में 22 दिसंबर रात करीब 1 बजे हुआ। जब पुणे की एक निजी कंपनी का डंपर फुटपाथ पर आ गया और वहां सो रहे सभी मजदूरों को कुचल दिया। पुलिस के मुताबिक, फुटपाथ पर करीब 12 मजदूर सो रहे थे। चश्मदीदों ने बताया कि, तेज रफ्तार डंपर वहां सो रहे लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया।अमरावती के रहने वाले थे सभी मजदूर
पुलिस के मुताबिक, हादसे में विशाल विनोद पवार (22), वैभवी रितेश पवार (1) और वैभव रितेश पवार (2) की मौत हो गई। घायलों में शामिल हैं ये लोग- जानकी दिनेश पवार (21)
- रिनिशा विनोद पवार (18)
- रोशन शशादू भोसले (9)
- नगेश निवृत्ती पवार (27)
- दर्शन संजय वैराळ (18)
- आलिशा विनोद पवार (47)




















