प्रॉपर्टी ब्रोकिंग की आड़ में MD ड्रग्स का धंधा:53 ग्राम नशे के साथ तस्कर गिरफ्तार

टीसीएस के पास ग्रैंड रियासत कॉलोनी में पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, 5.40 लाख की एमडी और स्कूटर समेत 5.80 लाख का माल जब्त; हत्या का केस भी दर्ज
प्रॉपर्टी ब्रोकिंग की आड़ में MD ड्रग्स का धंधा:53 ग्राम नशे के साथ तस्कर गिरफ्तार
आरोपी आयुष नागर

इंदौर। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टीसीएस के पास ग्रैंड रियासत कॉलोनी से उज्जैन निवासी आयुष नागर को कथित तौर पर एमडी ड्रग्स की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 53.39 ग्राम एमडी ड्रग्स और सिल्वर रंग की एक्सेस 125 स्कूटर बरामद की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5.80 लाख रुपए बताई गई है।  डीसीपी राजेश त्रिपाठी के अनुसार, आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकिंग के काम की आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा था। उसके खिलाफ पहले से हत्या का मामला दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। आरोपी 12वीं तक पढ़ा है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस को देखकर भागने लगा, घेराबंदी कर पकड़ा

क्राइम ब्रांच की टीम 24 अगस्त को टीसीएस के पास ग्रैंड रियासत कॉलोनी में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक सिल्वर रंग की एक्सेस स्कूटर के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर युवक अचानक वहां से भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आयुष नागर निवासी कोतवाली क्षेत्र, उज्जैन के रूप में हुई।

ये भी पढ़ें: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का "कल" हल्लाबोल:इंदौर के 24 ब्लॉक में एक साथ प्रदर्शन

जेब से मिला 53.39 ग्राम MD

पुलिस ने संदेही की तलाशी ली तो उसकी पैंट की बाईं जेब से 53.39 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5.40 लाख रुपए है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्सेस 125 स्कूटर भी जब्त की गई है। पुलिस ने ड्रग्स और वाहन समेत कुल करीब 5.80 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।

ये भी पढ़ें: कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन पर बवाल, GIVA ने हटाया एड; राहुल गांधी ने किया बचाव

हत्या के मामले में भी दर्ज है केस

पूछताछ के दौरान सामने आया कि आयुष नागर उज्जैन में प्रॉपर्टी ब्रोकिंग का काम करता है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ नानाखेड़ा थाने में हत्या का एक गंभीर आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज है। क्राइम ब्रांच अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह एमडी ड्रग्स कहां से लेकर आया था और इसे इंदौर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग भी नेटवर्क में शामिल हो सकते हैं।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts