हमीदिया अस्पताल से फरार कैदी को बुधनी के जंगल से पकड़ा, इलाज के दौरान हथकड़ी खोलकर भाग गया था, दोस्त की हत्या के आरोप में हुईं फांसी की सजा

Follow on Google News
हमीदिया अस्पताल से फरार कैदी को बुधनी के जंगल से पकड़ा, इलाज के दौरान हथकड़ी खोलकर भाग गया था, दोस्त की हत्या के आरोप में हुईं फांसी की सजा
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल से 14 अक्टूबर को सेंट्रल जेल का एक कैदी हथकड़ी खोलकर फरार हो गया था। आरोपी हत्या के मामले में फांसी की सजा काट रहा था। जेल विभाग ने आरोपी के खिलाफ थाना कोहेफिजा पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया था। वहीं शुक्रवार को कोहेफिजा पुलिस ने फरार कैदी रजत सैनी को बुधनी के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है।

कैदी बस में बैठकर भाग था बुधनी

कोहेफिजा पुलिस थाने में अपराध क्रमाक 723/2023 धारा 224 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। पुलिस उपायुक्त महोदय जोन-3 रियाज इकबाल ने बताया कि कैदी रजत सैनी फांसी की सजा का आरोपी है। पुलिस ने साक्ष्य के आधार पर शहर के करीबन 350 कैमरे के फुटेज खंगाले। जिसमें आरोपी घटना की दिनांक को सुबह हमीदिया अस्पताल से ड्यूटी में तैनात जेल प्रहरी को चकमा देकर ऑटो में बैठकर नादरा बस स्टैंड भाग गया था। वहां से वह बस में बैठकर बुधनी भाग गया। कोहेफिजा पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। देखें वीडियो....

जंगल से किया गिरफ्तार

इधर, बुधनी में स्थानीय लोगों को आरोपी की फोटो दिखाकर जानकारी दी गई थी। गुरुवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिलने पर बुधनी के जंगल में पुलिस की टीम रवाना की गई। बुधनी के घने जंगलों में तलाश कर मृत्युदण्ड/आजीवन कारावास का सजायाफ्ता आरोपी रजत सैनी पुत्र सुरेश कुमार सैनी (29) निवासी सरस्वती ज्ञान मन्दिर के पास थाना राघौगढ़ जिला गुना को पकड़कर भोपाल लाए। आरोपी के भागने में अन्य लोगों की संलिप्तता के सबंध में पूछताछ की जा रही है।

दोस्त की हत्या के मामले में फांसी की सजा

जानकारी के अनुसार, आरोपी मूल रूप से राधौगढ़ जिला गुना का रहने वाला है। कैदी रजत सैनी को दोस्त की हत्या के मामले में कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। कैदी रजत सैनी के खिलाफ खजूरी थाने में हत्या का मामला दर्ज हुआ था। रजत ने अपने जैसी ही कद काठी वाले एक दोस्त की ही हत्या कर उसके चेहरे को इसलिए जला दिया था, ताकि लोग रजत को मरा हुआ समझें। रजत पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह कानून की नजर में खुद को मरा हुआ साबित कर इनसे बचना चाहता था। हालांकि पुलिस ने उसके मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया था। उसे भोपाल की एक अदालत से फांसी की सजा सुनाई गई थी। ये भी पढ़ें- भोपाल : हमीदिया अस्पताल से फांसी की सजा पाया कैदी हथकड़ी खोलकर फरार, अपने ही दोस्त की हत्या कर जला दिया था चेहरा मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts