राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जबलपुर पहुंचीं:योग दिवस और दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जबलपुर। राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से डुमना एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनका स्वागत किया। प्रवास के दौरान वे योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगी और विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगी।
डुमना एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार शाम पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरपोर्ट से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान द्वारा डुमना एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: CG NEWS : कोरिया तिहरा हत्याकांड में बड़ा खुलासा: 4 आरोपियों ने किया सरेंडर, BJP नेता को कार में जिंदा जलाने का मामला
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 3000 से अधिक जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं। डुमना एयरपोर्ट से सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तक पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया है। राष्ट्रपति शनिवार रात सर्किट हाउस क्रमांक-1 में विश्राम करेंगी।
योग दिवस कार्यक्रम में रहेंगी मुख्य अतिथि
रविवार को राष्ट्रपति सुबह सर्किट हाउस से सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड के लिए रवाना होंगी। सुबह 7.30 बजे से आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा और स्वास्थ्य तथा योग के महत्व का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति पुनः सर्किट हाउस लौटेंगी।
ये भी पढ़ें: भोपाल: किराना व्यापारी से 2 लाख की लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; दुकान के नौकर ने ही रची थी साजिश
दीक्षांत समारोह में करेंगी विद्यार्थियों को सम्मानित
इसके बाद राष्ट्रपति रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचकर 36वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। समारोह में अलग-अलग संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। हालांकि समारोह को लेकर कुछ शोधार्थियों और स्वर्ण पदकधारियों ने मंच पर सम्मान नहीं मिलने को लेकर आपत्ति भी दर्ज कराई है। कार्यक्रम के समापन के बाद राष्ट्रपति डुमना एयरपोर्ट से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान द्वारा ग्वालियर के लिए रवाना होंगी।












