Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्रयागराज में कुदरत का कहर : आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मां-बाप और दो मासूम बेटियां जिंदा जलीं

Follow on Google News
प्रयागराज में कुदरत का कहर : आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मां-बाप और दो मासूम बेटियां जिंदा जलीं
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शनिवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी और उनकी दो मासूम बेटियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और पीड़ित परिवार को राहत देने की कोशिशें जारी हैं। घटना बारा थाना क्षेत्र की है।

आग की लपटों में घिरा परिवार

शनिवार रात करीब 12 बजे बारा तहसील के हल्लाबोर सोनबरसा गांव में तेज आंधी आई। इसी दौरान वीरेंद्र वनवासी के कच्चे मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही फूस की झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा परिवार आग की लपटों में घिर गया।

आग बुझाने पहुंचे पड़ोसी

बिजली गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे, मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वीरेंद्र (35), उनकी पत्नी पार्वती (32), बेटी राधा (6) और करिश्मा (4) जिंदा जल चुके थे। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दूसरे मकान में सो रहीं दो बेटियां सुरक्षित

वीरेंद्र की मां ने बताया कि उनकी चार बेटियां थीं। बड़ी बेटियां सोन कुमारी (10) और आंचल (8) उनके साथ अलग मकान में सो रही थीं, इस कारण उनकी जान बच गई। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही बारा थाना पुलिस, एसडीएम करछना, तहसीलदार और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तत्काल राहत के तहत पीड़ित परिवार को 50 किलो अनाज, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर, चार लाख रुपए की सहायता राशि, आधार कार्ड बनवाने और बैंक खाता खुलवाने का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही बची दोनों बेटियों को 18 वर्ष की उम्र तक चार हजार रुपए प्रतिमाह सहायता दी जाएगी।

सिद्धार्थनगर में भी बिजली गिरने से 4 मौतें

इसी बीच सिद्धार्थनगर जिले के बांसी तहसील में भी तीन अलग-अलग जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। बारिश के दौरान अचानक गिरी बिजली ने गांववालों में दहशत फैला दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन घटनाओं पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को अनुमन्य सहायता राशि देने और घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को हरसंभव सहायता देने के लिए कहा गया है।

बारिश के मौसम में बढ़ रहीं बिजली गिरने की घटनाएं

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के सक्रिय होने के साथ ही बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीण इलाकों में जागरूकता की कमी के चलते ऐसे हादसे जानलेवा साबित हो रहे हैं। विशेषज्ञों ने बारिश और आंधी के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी है। ये भी पढ़ें- केदारनाथ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश : पायलट समेत 7 लोगों की मौत, मृतकों में 10 साल की बच्ची भी शामिल; खराब मौसम के चलते हुआ हादसा
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts