Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सियासी जंग, भाजपा के महारथी 22 उड़नखटोलों से भरेंगे चुनावी उड़ान!

हवाई प्रचार: अत्याधुनिक चॉपर एवं चार्टर्ड प्लेन से चुनावी मैदान में उतरेंगे दिग्गज नेता
Follow on Google News
सियासी जंग, भाजपा के महारथी 22 उड़नखटोलों से भरेंगे चुनावी उड़ान!

भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए मैदानी प्रबंधन, नेता-कार्यकर्ताओं की जमावट के बाद भाजपा ने उड़नखटोलों से प्रचार में भी बढ़त लेने की तैयारी कर ली है। स्टार प्रचारकों की प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में चुनावी सभाएं, रोड-शो एवं रैलियां कराने बड़ी संख्या में हेलीकॉप्टर व चार्टर्ड प्लेन बुक किए हैं। यह पहला मौका है, जब चुनावी जंग के लिए भाजपा ने बड़ी संख्या में अपने महारथियों को प्रचार में भेजने की तैयारी कर ली है। पार्टी इसकी झलक जन आशीर्वाद यात्रा में दे चुकी है।

आचार संहिता लागू होने पर 22 से अधिक हेलिकॉप्टर और 4 हवाई जहाजों की व्यवस्था कर ली है। नेताओं के दौरे और हर दिन की सभाओं के अनुसार इन उड़नखटोलों की डिमांड घटती- बढ़ती रहेगी। चुनावी युद्ध के लिए भाजपा का यह हवाई बेड़ा पिछले चुनावों से बहुत बड़ा है। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने में अभी कुछ दिन शेष हैं। लेकिन, भाजपा ने धुआंधार चुनाव प्रचार का रोडमैप तैयार कर लिया है। पार्टी के बड़े नेता पलक झपकते ही प्रदेश के किसी भी कोने में चुनावी सभाएं करने पहुंचेंगे। स्टार प्रचारकों में संगठन के बड़े नेता, केंद्रीय मंत्री और दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री रहेंगे। डीजीसीए के प्रोटोकाल के अनुसार प्रदेश के कैबिनेट मंत्री, राज्यों के सीएम और अन्य अति विशिष्ट नेताओं के लिए डबल इंजन का हेलिकॉप्टर जरूरी है।

1योगी, शाह और राजनाथ भी आएंगे

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पास चुनाव प्रबंधन समिति की कमान है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव चुनाव प्रभारी और अश्विनी वैष्णव सह प्रभारी तैनात हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के अलावा संगठन के अन्य नेता लगातार चुनाव प्रचार के लिए जिलों में घूमेंगे। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित हेमा मालिनी, मनोज तिवारी और रविकिशन आदि भी प्रचार के लिए प्रदेश हवाई दौरे पर रहेंगे।

किराया 3 से 5 लाख रु. प्रति घंटे

दिल्ली स्थित एक एविएशन कंपनी के प्रवक्ता प्रवीण जैन का कहना है कि हेलिकॉप्टर्स और चार्टर्ड प्लेनों के लिए राजनीतिक दल करोड़ों रुपए खर्च कर रहे हैं। सामान्य हेलिकॉप्टर का किराया 2-3 लाख रुपए प्रति घंटे है, प्रतिदिन 3 घंटे की उड़ान जरूरी है। चार्टर्ड प्लेन का किराया भी लगभग 3-5 लाख रुपए प्रति घंटे बताया गया है। इस पर 18 फीसदी जीएसटी और क्रू मेंबर्स के ठहरने-खाने का खर्च अलग है। हालांकि, बड़ी संख्या में उड़नखटोलों की बुकिंग पर राजनीतिक दल मोल- भाव कर बुकिंग कर रहे हैं।

हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे विजनरी नेता हैं, जिन्होंने देश के करोड़ों सामान्य लोगों को हवाई जहाज की यात्राओं की सुविधा उपलब्ध करा दी। हवाई जहाज अब केवल धनाढ्य वर्ग का विषय नहीं रहा। मप्र में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और स्टार प्रचारक हेलिकॉप्टर्स तथा चार्टर्ड प्लेनों का उपयोग कर जीत सुनिश्चित करेंगे। -डॉ. हितेष वाजपेयी, प्रवक्ता, मप्र भाजपा

(इनपुट-राजीव सोनी)
Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts