Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'न खर्ची, न पर्ची, न सिफारिश'.... लखनऊ में अमित शाह ने 60,244 नव-नियुक्त सिपाहियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की केंद्रीय गृहमंत्री ने की प्रशंसा, कहा- 2026 तक नक्सलवाद का होगा खात्मा
Follow on Google News
'न खर्ची, न पर्ची, न सिफारिश'.... लखनऊ में अमित शाह ने 60,244 नव-नियुक्त सिपाहियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बना, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 60,244 नव-नियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।

योग्यता के दम पर बनी यूपी पुलिस

अमित शाह ने कहा, मेरे सामने बैठे 60,244 युवा पूरी पारदर्शिता से भर्ती हुए हैं। न किसी को एक रुपया रिश्वत देना पड़ा, न कोई जाति या सिफारिश चली। यह नई यूपी की नई पहचान है। शाह ने जोर देकर कहा कि 48 लाख से ज्यादा आवेदन आए थे, जिनमें से योग्यता के आधार पर चयन हुआ। इनमें 48,196 पुरुष और 12,048 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।

भारत माता की जय के नारों से गूंजा मैदान

गृहमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कानून-व्यवस्था के रक्षक के रूप में संकल्प लें। उन्होंने कहा- यूपी में सुरक्षा का नया युग शुरू हुआ है। पहले कानून-व्यवस्था बदहाल थी, लेकिन 2017 में योगी सरकार के आने के बाद पुलिस ने नई बुलंदियों को छुआ है।

पुलिस बल में आधुनिकीकरण

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में पुलिस बल का आधुनिकीकरण हुआ, लेकिन उत्तर प्रदेश में यह प्रक्रिया 2017 के बाद ही शुरू हो पाई। योगी सरकार ने न सिर्फ समय पर भर्ती पूरी की, बल्कि प्रशिक्षण केंद्रों की क्षमता भी बढ़ाई है।

ऑपरेशन सिंदूर से मिला सख्त संदेश

शाह ने अपने भाषण में कहा कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा। उन्होंने "ऑपरेशन सिंदूर" का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन नक्सल प्रभावित इलाकों में कड़ा संदेश देने वाला था।

15 चयनितों को मंच पर मिला नियुक्ति पत्र

शाह ने सबसे पहले संत कबीर नगर के सत्यम नायक को नियुक्ति पत्र दिया। उनके बाद खीरी के प्रेम सागर, फर्रुखाबाद की शालिनी शाक्य, बलिया के उपेंद्र यादव, बरेली की शिल्पा सिंह, कानपुर देहात के बीनू बाबू, महोबा के योगेंद्र सिंह, उन्नाव के शिवांश पटेल, वाराणसी के मनीष त्रिपाठी और लखनऊ की रोशनजहां को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

योगी बोले- नए भारत का नया उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि यह विश्व के सबसे बड़े पुलिस बल की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा थी और इसमें सफलता पाने वाले अभ्यर्थी यूपी को सुरक्षित और समृद्ध बनाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts