Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटरा से PM मोदी का पाकिस्तान पर तीखा हमला, कहा- पहलगाम में इंसानियत और कश्मीरियत पर किया हमला, कश्मीर का नौजवान अब आतंकवाद को देगा करारा जवाब

Follow on Google News
कटरा से PM मोदी का पाकिस्तान पर तीखा हमला, कहा- पहलगाम में इंसानियत और कश्मीरियत पर किया हमला, कश्मीर का नौजवान अब आतंकवाद को देगा करारा जवाब
कटरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के कटरा से पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हाल ही में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को ‘इंसानियत और कश्मीरियत पर सीधा हमला’ बताया और कहा कि इस हमले के पीछे पाकिस्तान की मंशा थी भारत में सांप्रदायिक हिंसा भड़काना और कश्मीर के मेहनतकश लोगों की रोजी-रोटी छीनना।

चिनाब ब्रिज को राष्ट्र को समर्पित किया

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनमें दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज 'चिनाब ब्रिज' प्रमुख है। उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर ब्रिज पर चलते हुए इसका लोकार्पण किया और कहा- ये सिर्फ ईंट, सीमेंट और स्टील का पुल नहीं, भारत की तकनीकी ताकत और संकल्प का प्रतीक है। ये पीर पंजाल की दुर्गम पहाड़ियों पर भारत के भविष्य का रास्ता बना रहा है।

आदिल की हत्या को बताया कश्मीर की तरक्की पर हमला

PM मोदी ने पहलगाम हमले पर कहा- 22 अप्रैल को पहलगाम में जो हुआ, वह सिर्फ एक आतंकी हमला नहीं था, बल्कि कश्मीर के गरीबों की आजीविका पर हमला था। पाकिस्तान ने जानबूझकर उन लोगों को निशाना बनाया, जिनकी रोजी-रोटी टूरिज्म से चलती है। प्रधानमंत्री ने स्थानीय युवक आदिल का भी जिक्र किया, जो हमले में मारा गया था। उन्होंने कहा- वो आदिल जो अपने परिवार का पेट पालने मेहनत करने गया था, उसे भी आतंकियों ने मार दिया। पाकिस्तान की साजिश गरीबों की कमाई पर हमला करने की थी।

जम्मू-कश्मीर की जनता को बताया साहसी

PM मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता ने पाकिस्तान की साजिश को नाकाम किया। उन्होंने कहा- अब कश्मीर का नौजवान आतंकवाद को जवाब देने के लिए खड़ा है। वही आतंकवाद जिसने स्कूल जलाए, अस्पताल तोड़े और पीढ़ियों को तबाह किया, आज उस आतंक के खिलाफ जनता खड़ी है।

विकास को रुकने नहीं देंगे : मोदी

PM ने दो टूक कहा- ये नरेंद्र मोदी का वादा है कि विकास को अब रुकने नहीं दूंगा। कोई भी रुकावट आएगी तो उसे पहले मोदी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा, माता खीर भवानी मेले और ईद के उल्लास से स्पष्ट है कि जम्मू-कश्मीर अब नए सपनों की ओर बढ़ रहा है।

पर्यटन को बताया रोजगार का बड़ा साधन

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार नौजवानों के लिए पर्यटन के ज़रिए रोज़गार के अवसर बढ़ा रही है। उन्होंने कहा- जो लोग घोड़े चलाते हैं, गाइड बनते हैं, ढाबा या गेस्ट हाउस चलाते हैं - उन सबकी कमाई टूरिज्म से चलती है। और पाकिस्तान इसी कमाई पर हमला कर रहा है।

विपक्ष पर तीखा हमला

PM मोदी ने विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा- जो लोग खुद को समाज के एक्सपर्ट समझते हैं, जो जाति के नाम पर राजनीति करते हैं- उन्हें ये समझना चाहिए कि मेरी योजनाओं का लाभ दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और झुग्गियों में रहने वालों को मिला है।

NDA सरकार की 11 साल की उपलब्धियां गिनाईं

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में पिछले 11 वर्षों में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
  • 4 करोड़ गरीबों को घर मिला।
  • उज्ज्वला योजना से करोड़ों बहनों को धुएं से मुक्ति मिली।
  • आयुष्मान योजना से 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज।
  • जन धन योजना के तहत 50 करोड़ खाते खोले गए।
  • 12 करोड़ घरों में पानी पहुंचा।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts