गोवा में दक्षिण की अयोध्या :पीएम मोदी आज करेंगे भारत की सबसे ऊंची 77 फीट ऊंची राम प्रतिमा का अनावरण

गोवा से मयंक तिवारी। अयोध्या के बाद अब गोवा में भी 'जय श्री राम' का मंत्र गूंजेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) शुक्रवार को गोवा के श्रीसंस्थान गोकर्ण पुर्तगाली जीवोत्तम मठ में भगवान श्रीराम की 77 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा भारत की सबसे ऊंची राम प्रतिमा होगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य पुर्तगाली को 'दक्षिण की अयोध्या' के रूप में विकसित करना और इसे राष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है। यह धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को नया आयाम देगा। श्रीसंस्थान गोकर्ण पुर्तगाली जीवोत्तम मठ से मिली जानकारी के अनुसार इस कांस्य प्रतिमा का निर्माण 15 करोड़ रुपए की लागत से करीब 8 माह में पूरा हुआ है।

मठ में 370 साल पुरानी प्रतिमाएं
श्रीसंस्थान गोकर्ण पुर्तगाली जीवोत्तम मठ के पंचशतमानोत्सव के समिति के सदस्य पवन प्रभु ने बताया कि इस वर्ष अपनी 550वीं वर्षगांठ मना रहा है। इसकी स्थापना 1656 में श्रीराम चंद्र तीर्थ ने की थी और यह सारस्वत ब्राह्मण समुदाय का प्रमुख केंद्र है। मठ में 370 साल पुरानी राम-लक्ष्मण-सीता की मूर्तियां विराजमान हैं।
पंडाल में 20 हजार भक्तों के बैठने की व्यवस्था
पीएम मोदी (PM Narendra Modi) के कार्यक्रम में आयोजन स्थल पर आधुनिक पंडाल बनाया गया है, इस पंडाल में 18-20 हजार लोगों को बैठने की व्यवस्था की गई है।
ये रहेंगे प्रमुख आकर्षण
- 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और ऑडियो-विजुअल शो किया जाएगा।
- स्मारक के साथ सिक्का और डाक टिकट जारी किया जाएगा।
- रामायण थीम पार्क और संग्रहालय के निर्माण की योजना भी है।
दस दिवसीय उत्सव
- 550 हवन का आयोजन किया जाएगा।
- 450 वैदिक आचार्यों की उपस्थिति में हवन किया जाएगा।
- 1.2 लाख श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होंगे
9 देशों से सैकड़ों भक्त पहुंचे
महंत विद्याधीश तीर्थ श्रीपाद वडेर ने बताया कि इस आयोजन में शामिल होने के लिए यूके, अमेरिका, कनाडा समेत 9 से अधिक देशों के मठ से जुड़े सैकड़ों भक्त पहुंच चुके हैं। जो यहां पर 10 दिन तक यज्ञ में शामिल रहेंगे।





















