PM मोदी के मुंबई दौरे से पहले सुरक्षा अलर्ट! अंबानी सेंटर से 2 संदिग्ध हिरासत में, फर्जी PMO ID और बंदूक मिली

मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है। बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से एक व्यक्ति ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था। जांच के दौरान उसके पास PMO की फर्जी पहचान पत्र मिलने की बात सामने आई है। वहीं, दूसरे संदिग्ध के पास बंदूक बरामद होने की जानकारी है। दोनों को हिरासत में लेने के बाद मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी पहचान पत्र और हथियार के साथ दोनों वहां किस मकसद से पहुंचे थे।
एक ने खुद को PMO अधिकारी बताया
जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए एक संदिग्ध ने सुरक्षा जांच के दौरान खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताया। उसके पास PMO से जुड़ा पहचान पत्र भी था। जांच में यह पहचान पत्र फर्जी पाया गया। इस मामले में एक संदिग्ध की पहचान रोहन पारेख के तौर पर हुई है। पुलिस अब उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति की भूमिका और दोनों के आपसी संबंधों की भी जांच कर रही है।
दूसरे संदिग्ध के पास मिली बंदूक
सुरक्षा जांच के दौरान दूसरे संदिग्ध के पास बंदूक मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में क्राइम ब्रांच दोनों के अंबानी कल्चरल सेंटर पहुंचने के मकसद की जांच कर रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि दोनों किसी खास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे थे या उनका कोई दूसरा उद्देश्य था। जांच एजेंसियां फर्जी PMO आईडी और हथियार से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
PM मोदी के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा बढ़ी
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई के BKC स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करने वाले हैं। प्रधानमंत्री कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। PM मोदी के मुंबई दौरे को देखते हुए BKC इलाके में सुरक्षा व्यवस्था महत्वपूर्ण है। इसी दौरान अंबानी कल्चरल सेंटर से दो संदिग्धों के पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से जांच रही हैं। क्राइम ब्रांच यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्जी पहचान पत्र और बंदूक लेकर संदिग्ध वहां तक कैसे पहुंचे और उनके पीछे क्या मकसद था। फिलहाल मामले में जांच जारी है।




















