झारखंड में पत्नी की हत्या, घर के फर्श के नीचे दफनाया शव, 4 दिन बाद हुआ खुलासा

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में 40 वर्षीय महिला का शव उसके ही घर के फर्श के नीचे दफन मिला। महिला चार दिनों से लापता थी। मां की तलाश में मायके पहुंचीं शादीशुदा बेटियों ने घर की दीवारों पर खून के धब्बे देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर की खुदाई कर शव बरामद किया। मामले में महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चार दिन से लापता थी महिला
मामला पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली थाना क्षेत्र के तुंगी गांव का है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है। वह पिछले चार दिनों से लापता थीं। उनकी कोई जानकारी नहीं मिलने पर पड़ोसियों ने शादीशुदा बेटियों को इसकी सूचना दी। मां की तलाश में बेटियां मायके पहुंचीं तो घर की दीवारों पर खून के धब्बे दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
घर के फर्श की खुदाई में मिला शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और घर की तलाशी ली। शुरुआती जांच में घर के अंदर ही शव दफन होने की आशंका सामने आई। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में फर्श की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से गुरुवारी हांसदा का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना सामने आने के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
पति हिरासत में, घरेलू विवाद की आशंका
पुलिस ने मामले में मृतका के पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर घरेलू विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही महिला की मौत की परिस्थितियों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गुरुवारी हांसदा की मौत कैसे हुई और उनके शव को घर के फर्श के नीचे क्यों दफनाया गया।




















