दिल्ली में एक लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, SI की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली

दिल्ली के दक्षिणी इलाके मैदानगढ़ी में रविवार, 25 अक्टूबर की सुबह पुलिस और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फार्महाउस में डकैती डालने की योजना बना रहा था और इसके लिए इलाके की रेकी कर रहा था। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली सब-इंस्पेक्टर (SI) नरेंद्र कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
सुबह करीब 6:25 बजे हुई मुठभेड़
दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार मैदानगढ़ी थाना पुलिस को आरोपी की गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। रविवार सुबह करीब 6:25 बजे आरोपी मोटरसाइकिल से बास गांव रोड की तरफ पहुंचा। पुलिस के मुखबिर ने उसकी पहचान की जिसके बाद टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि रोकने की कोशिश किए जाने पर आरोपी ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। इसके बाद SI नरेंद्र कुमार ने उसे चेतावनी देने के लिए तीन राउंड हवाई फायर किए। इसके बावजूद आरोपी नहीं रुका और उसने दूसरा देसी कट्टा निकालकर दोबारा गोली चलाई। इसी दौरान एक गोली SI नरेंद्र कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट की वजह से वह सुरक्षित रहे।
जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक टीम पर फायरिंग और तत्काल खतरे को देखते हुए कांस्टेबल वसीम अकरम ने जवाबी गोली चलाई। इसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे काबू में लेकर अस्पताल पहुंचाया। घायल आरोपी का एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
दिल्ली में 31 अक्टूबर तक तैनात रहेंगी CAPF की 273 कंपनियां, गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला
जौनपुर में हत्या और डकैती के मामले में था वांछित
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सावन उर्फ सुधन उर्फ हीरा उर्फ मूंछोड़ा फूफा उर्फ मूंछोड़ा चाचा के रूप में की है। पुलिस के अनुसार वह उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के शाहगंज थाने में वर्ष 2014 में दर्ज हत्या और डकैती के मामले में वांछित था। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 396 के तहत केस दर्ज है। वाराणसी जोन के एडीजी की ओर से आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी का नाम अन्य राज्यों में दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आया है। इनमें मथुरा के राया थाने में वर्ष 2016 में दर्ज हत्या और लूट का मामला तथा पंजाब के मानसा जिले के सिटी-2 थाने में वर्ष 2024 में दर्ज हत्या और लूट का मामला शामिल है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में हत्या, लूट और डकैती के कई मामलों में वांछित है।
फार्महाउस को निशाना बनाने की आशंका
पुलिस का दावा है कि आरोपी कथित तौर पर फार्महाउस में डकैती डालने के लिए पहले इलाके की रेकी करता था और फिर वारदात की योजना बनाता था। मैदानगढ़ी में भी वह इसी मकसद से घूम रहा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके संभावित साथियों, आपराधिक नेटवर्क और दिल्ली में किसी वारदात की योजना के बारे में जानकारी जुटा रही है।




















