अमेरिका : फिलाडेल्फिया में प्लेन क्रैश, उड़ान भरने के 30 सेकंड बाद ही गिरा; कई घरों में लगी आग, विमान में सवार 6 लोगों की मौत की आशंका

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका में एक बार फिर प्लेन क्रैश की दुर्घटना हुई है। पेंसिलवेनिया राज्य के फिलाडेल्फिया में शनिवार सुबह एक छोटा मेडिकल विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान फिलाडेल्फिया से मिसौरी जा रहा था। इसमें 6 लोग सवार थे, जिनमें दो डॉक्टर, दो पायलट, एक मरीज और एक परिवार का सदस्य शामिल था। हादसे में सभी लोगों के मारे जाने की आशंका है।
हादसा शहर के भीतर हुआ, जिसमें विमान कई घरों से टकरा गया और आग लग गई। विमान उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद दुर्घटना का शिकार हो गया। दुर्घटना के कारण आसपास के घरों में भी आग लग गई। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ) ने बताया कि, यह हादसा रूसवेल्ट मॉल के पास हुआ। जो विमान क्रैश हुआ है, वह लियरजेट 55 एयरक्राफ्ट था। विमान स्प्रिंगफील्ड ब्रैंसन नेशनल एयरपोर्ट जा रहा था।






















