Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पेट लवर दंपति के बीच झगड़े की जड़ बने उनके पेट्स, तलाक तक पहुंची बात 

- परेशान अभिभावकों ने मांगी काउंसलर से मदद 
Follow on Google News
पेट लवर दंपति के बीच झगड़े की जड़ बने उनके पेट्स, तलाक तक पहुंची बात 
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पल्लवी वाघेला, भोपाल। दंपति के बीच घरेलू हिंसा और दहेज जैसे कारणों से तलाक के मामले तो कई सुने होंगे, लेकिन यह मामला हैरान करने वाला है। पालतू जानवरों को लेकर दंपति के बीच ऐसी कलह मची कि बात तलाक तक जा पहुंची है। दंपति तलाक के लिए वकीलों से संपर्क कर रहे हैं। वहीं, उनके अभिभावक उनका रिश्ता बचाने की जद्दोजहद में लगे हैं। खास बात यह कि दोनों की लव मैरिज है और पेट लवर होने के चलते ही दोनों करीब आए। अब वही पेट्स इनके बीच झगड़े का कारण बन गए हैं।

    पत्नी मायके से लाई अपनी बिल्ली

    दंपति की शादी बीते साल दिसंबर माह में हुई थी। पति जहां भोपाल का रहवासी है, वहीं पत्नी मूल रूप से यूपी की निवासी है और भोपाल में जॉब करती है। माता-पिता के कहने पर कोर्ट जाने के पहले फैमिली काउंसलर की मदद से दोनों की काउंसलिंग हुई। यहां पत्नी ने कहा कि कुत्ते और बिल्ली के अलावा पति ने मछलियां भी पाली हुई हैं। वहीं, वो अपने साथ केवल अपनी प्यारी बिल्ली को लेकर आई है। 

    पति ने कुत्ते को कंट्रोल में नहीं रखा

    पत्नी का आरोप है कि पति के दोनों पालतू जानवरों को उन्होंने बिल्कुल भी कंट्रोल में नहीं रखा हुआ है। वो दोनों उसकी बिल्ली पर आए दिन अटैक करते हैं, इसके कारण वह डरी-सहमी रहती है। उसके पास भी उसके दो डॉग्स और एक रैबिट भी है, लेकिन वह उन्हें अपनी मां के पास छोड़कर आई है। पति, उनमें से किसी को भी घर लाने नहीं दे रहे हैं। वह मानती है कि उनके पेट एनिमल जो उन दोनों के लिए बच्चों की तरह ही हैं, उन्हें आपस में हिलने-मिलने में समय लगेगा, लेकिन उसे पति का एक-तरफा रवैया और अपनी बिल्ली के साथ सौतेला व्यवहार तकलीफ दे रहा है।

    पत्नी बढ़ा रही बात

    वहीं, मामले में पति का तर्क है कि शादी के पहले ही उनके बीच यह बात तय थी कि पत्नी अपने सारे पेट को नहीं ला सकती, क्योंकि घर में इतनी जगह भी नहीं है और सब की एक साथ देखभाल भी संभव नहीं है क्योंकि वो दोनों ही वर्किंग हैं। पति ने कहा कि वह मल्टीनेशनल कंपनी में वर्क फ्रॉम होम करता है, लेकिन हर वक्त पेटस पर नजर नहीं रख सकता। पति के मुताबिक, पत्नी की बिल्ली उनकी फिश के आस-पास घूमती रहती है, इससे उसके दोनों दूसरे पेट इंसिक्योर हो जाते हैं और तीनों में लड़ाई हो रही है। इसलिए उसने बाकी पेट्स को लाने से मना किया है।

    पहले भी आए मामले

    पेट एनिमल को लेकर झगड़े के मामले पहले भी प्रकाश में आए हैं। भोपाल से जुड़े फिल्म अभिनेता अरुणोदय सिंह के तलाक का कारण भी उनके पालतू डॉग्स रहे हैं। इसी तरह दो साल पहले पालतू तोते से प्यार के चलते भोपाल में पति ने पत्नी से तलाक लिया था।

    “”
    दंपति के माता-पिता उनके इस निर्णय से खासे परेशान हैं। उन्हीं के कहने पर दंपति की काउंसलिंग की है ताकि मामले को कोर्ट में जाने से और परिवार को टूटने से रोका जा सके। दोनों अपने पेट्स को लेकर बहुत भावुक हैं और इसलिए मन में गांठ बांधकर बैठे हैं।
    -शैल अवस्थी, परामर्शदात्री

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts