पाकिस्तान के पेशावर में स्कूल की छत गिरी, 34 बच्चों समेत 35 की मौत; मालिक गिरफ्तार

पाकिस्तान के पेशावर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। दीर कॉलोनी इलाके में एक निजी स्कूल की छत गिरने से 35 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 34 छात्र और एक महिला टीचर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी बच्चों की उम्र 13 साल या उससे कम थी। हादसे में 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अस्पताल में इमरजेंसी, घायलों का इलाज जारी
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी घोषित कर दी गई। अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि घायलों को जल्द से जल्द इलाज मिल सके।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया दुख
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गवर्नर ने मांगी हादसे की रिपोर्ट
खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने बच्चों की मौत को बेहद दुखद त्रासदी बताया और संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। गवर्नर ने स्कूल की छत गिरने की घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही अधिकारियों से हादसे की वजह का पता लगाने को कहा है।
छह महीने में चौथा स्कूली हादसा
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में पिछले छह महीनों के दौरान स्कूली हादसे का यह चौथा मामला है। पेशावर की इस घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।




















