पेंड्रा: सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, सोना-चांदी लूटकर फरार हुए बदमाश; आरोपियों की तलाश में पुलिस

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बदमाश सोना-चांदी लूटने की कोशिश कर रहे थे, जिसका व्यापारी ने विरोध किया। इसी दौरान आरोपियों ने बेहद करीब से उनके सीने पर गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दुकान बंद करते समय वारदात
मंगलवार रात करीब 7 बजे कोटमी साप्ताहिक बाजार में यह घटना हुई। चश्मदीदों के अनुसार तीन आरोपी पल्सर बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। उस समय व्यापारी अपनी दुकान बंद कर रहे थे। बदमाशों ने सोना-चांदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने व्यापारी के सीने पर गोली मार दी।
ये भी पढ़ें: इंदौर: भोजशाला मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने एक और एसएलपी दाखिल
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि व्यापारी की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि दाहिनी तरफ सीने में गोली लगी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी।
घटना के बाद लोगों में भारी नाराजगी
व्यापारी की हत्या के बाद स्थानीय व्यापारियों और परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया। नाराज लोगों ने अस्पताल में पुलिस से शव छीन लिया और सड़क पर जाम लगा दिया। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। मौके पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें: दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, अब 2.5 लाख सालाना आय वाले परिवार को मिलेगा मुफ्त राशन
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए हैं। इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












