Peddi Controversy : विवाद के बाद हटाए जाह्नवी कपूर के बोल्ड सीन, डायरेक्टर बोले-गलत समझा गया

एंटरटेनमेंट डेस्क। राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर फिल्म पेद्दी इन दिनों बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ विवादों को लेकर भी चर्चा में है। फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार और कुछ दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। दर्शकों और महिला अधिकार संगठनों ने आरोप लगाया कि फिल्म में अभिनेत्री के किरदार को जरूरत से ज्यादा ग्लैमराइज किया गया है।
सोशल मीडिया विरोध के बाद बड़ा फैसला
लगातार बढ़ती आलोचनाओं के बीच फिल्म के निर्देशक बुची बाबू सना ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने स्वीकार किया कि फिल्म के कुछ दृश्य गलत संदेश दे रहे थे। इसी वजह से उन सीन्स को हटाने का फैसला लिया गया है, जिन्हें महिलाओं के प्रति असम्मानजनक या वस्तुकरण को बढ़ावा देने वाला माना जा रहा था।
ये भी पढ़ें: Vaibhav Sooryavanshi : क्या खाते हैं वैभव सूर्यवंशी? जानें फिटनेस और फेवरेट फूड का पूरा हिसाब
अचियम्मा के किरदार को लेकर सफाई
एक इंटरव्यू में बुची बाबू सना ने कहा कि कई लोगों ने जाह्नवी कपूर के किरदार अचियम्मा को गलत तरीके से समझा। उनके अनुसार यह किरदार कहानी का अहम हिस्सा है और राम चरण के किरदार पेद्दी के व्यक्तित्व और उसके बदलाव को दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हालांकि वे यह भी मानते हैं कि उनका विजन दर्शकों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाया।
फिल्म की कहानी में था अलग प्रयोग
निर्देशक ने बताया कि इस बार उन्होंने पारंपरिक प्रेम कहानी से हटकर एक साहसिक और अलग दृष्टिकोण अपनाने की कोशिश की थी। उनका उद्देश्य एक ऐसे युवक की मानसिकता को दिखाना था, जो पिछड़े माहौल में पला-बढ़ा है और रिश्तों को लेकर उसकी सोच सीमित है। बाद में कहानी के जरिए उसके विकास और बदलाव को दिखाने का प्रयास किया गया।
ये भी पढ़ें: Batwara 1947 : ‘बंटवारा 1947’ का मोशन पोस्टर रिलीज, सनी देओल की दमदार वापसी
किन दृश्यों पर सबसे ज्यादा विवाद?
फिल्म के जिन दृश्यों पर सबसे अधिक आपत्ति जताई गई, उनमें जाह्नवी कपूर का परिचय वाला सीन शामिल है। आलोचकों का कहना था कि कैमरे का फोकस उनके अभिनय या व्यक्तित्व के बजाय शरीर के कुछ हिस्सों पर ज्यादा था। वहीं एक अन्य दृश्य में राम चरण का किरदार बिना अनुमति के जाह्नवी के किरदार को चूमता दिखाया गया, जिस पर भी दर्शकों ने सवाल खड़े किए।
विवाद के बावजूद जारी है कमाई
विवाद बढ़ने के बाद बुची बाबू सना ने माफी मांगते हुए संबंधित दृश्यों को हटाने की पुष्टि की है। हालांकि इस पूरे मामले पर अब तक न तो राम चरण और न ही जाह्नवी कपूर की कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। दिलचस्प बात यह है कि आलोचनाओं के बावजूद पेद्दी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और दुनियाभर में अच्छी कमाई कर रही है। फिल्म में शिव राजकुमार, जगपति बाबू, बोमन ईरानी और उपेंद्र लिमये भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।












