Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पातालपानी पार्किंग ठेका:वाहन किराया दर को लेकर उठ रहे सवाल, 7 जुलाई को होना था आवंटन

महू के पातालपानी पर्यटन स्थल की पार्किंग का ठेका 7 जुलाई को नीलाम नहीं हो सका। अब 15 जुलाई को दोबारा नीलामी होगी। इस बार बाइक और कार पार्किंग शुल्क घटाने के बाद ठेके की व्यवहार्यता और मुफ्त पार्किंग की मांग चर्चा में है।
Follow on Google News
वाहन किराया दर को लेकर उठ रहे सवाल, 7 जुलाई को होना था आवंटन
पातालपानी पर्यटन स्थल की पार्किंग को लेकर उठे सवाल

जिले के सबसे बड़े और प्रमुख पर्यटन स्थल पातालपानी में सैलानियों के वाहनों की सुरक्षित पार्किंग, चौकीदारी एवं परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए जनपद पंचायत महू द्वारा ग्राम पंचायत चौरड़िया के माध्यम से 7 जुलाई को पार्किंग ठेका नीलाम किया जाना था। लेकिन आरक्षित राशि अधिक होने और पार्किंग शुल्क में कमी के चलते ओपन बोली नहीं लग सकी। इसके चलते ठेका नीलाम नहीं हो पाया। अब जनपद पंचायत 15 जुलाई को निर्धारित आरक्षित राशि से ऊपर की बोली पर ठेका नीलाम करेगी। इस वर्ष ठेका नीलामी की आरक्षित राशि 6.11 लाख रुपए तय की गई है।

बाइक 15 और कार 30 रुपए, वसूली को लेकर संशय

इस बार जनपद पंचायत महू ने पार्किंग शुल्क में बड़ा बदलाव किया है। जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष बाइक पार्किंग शुल्क 30 रुपए और कार का 50 रुपए निर्धारित था, जबकि इस बार बाइक के 15 और कार के 30 रुपए तय किए गए हैं। ऐसे में पार्किंग शुल्क आधा होने से ठेका लेने वाले के सामने आरक्षित राशि निकालना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। वहीं बाइक का शुल्क 15 रुपए निर्धारित होने से छुट्टे पैसों की समस्या भी खड़ी हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन चालक छुट्टे नहीं होने का हवाला देकर 10 रुपए ही देकर निकल जाएंगे जबकि 5 रुपए को लेकर विवाद की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में कुछ लोगों का मानना है कि बाइक पार्किंग शुल्क 20 रुपए किया जाए तो वसूली भी आसान रहेगी और विवाद की संभावना भी कम होगी।

ये भी पढ़ें: डॉ. नरोत्तम मिश्रा का पहला बयान! टिकट नहीं मिलने और दतिया हिंसा पर तोड़ी चुप्पी, समर्थकों से की बड़ी अपील

निजी भूमि का भी है मामला

जनपद पंचायत महू द्वारा ग्राम पंचायत चौरड़िया अंतर्गत जिस क्षेत्र की पार्किंग का ठेका नीलाम किया जा रहा है, वहां कुछ निजी भूमि भी शामिल है। ऐसे में ठेका लेने वाले को संबंधित भूमि मालिकों से भी सहमति लेना पड़ सकती है। बीते वर्ष भी कुछ निजी भूमि मालिकों ने उनकी जमीन पर वाहन पार्किंग किए जाने को लेकर अप्रत्यक्ष रूप से आपत्ति दर्ज कराई थी। इस बार भी यह मुद्दा चर्चा में है।

सुरक्षित पार्किंग के लिए व्यवस्था जरूरी

Monsoon Season में पातालपानी पर महू, इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों की सुरक्षा के लिए व्यवस्थित पार्किंग और चौकीदारी आवश्यक मानी जाती है। पूर्व में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के दौरान वाहनों की चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में पार्किंग ठेका होने से जहां पर्यटकों को सुविधा मिलेगी वहीं पंचायत के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।

ये भी पढ़ें: टिकट नहीं मिला तो भड़क उठे समर्थक! दतिया में पुलिस पर पथराव से मचा हड़कंप, NH-44 पर 15 KM लंबा जाम

निःशुल्क पार्किंग की भी उठी मांग

7 जुलाई को पार्किंग ठेका नीलामी के लिए पंचायत ने नोटिफिकेशन जारी किया था और उसी के आधार पर नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी। वहीं 10 जुलाई को ग्राम पंचायत चौरड़िया के पंचों एवं अन्य लोगों ने जनपद पंचायत महू के नाम पत्र लिखकर पार्किंग ठेका नीलामी निरस्त कर पार्किंग निःशुल्क रखने की मांग की है। हालांकि स्थानीय स्तर पर इसे राजनीतिक खींचतान से जोड़कर भी देखा जा रहा है। जनपद पंचायत महू इंस्पेक्टर सुनील नामदेव का कहना है कि 15 जुलाई को पातालपानी पार्किंग स्टैंड का ठेका नीलाम किया जाएगा। शासन के नए नियम एवं शर्तों के अनुसार ही ठेका दिया जाएगा। 

Ankit Rathore
By Ankit Rathore

Latest Posts