Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भाजपा ने लोकसभा चुनाव में पहली बार 6 महिलाओं पर जताया भरोसा

33%आरक्षण पर पार्टी की सफाई- बढ़ाएंगे महिला प्रतिनिधित्व
Follow on Google News
भाजपा ने लोकसभा चुनाव में पहली बार 6 महिलाओं पर जताया भरोसा

भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने पहली बार 29 में से 6 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को उतारा है। इनमें चार नए चेहरे हैं, दो मौजूदा सांसदों पर एक बार फिर भरोसा जताया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस बार दो महिलाओं को ज्यादा टिकट देकर उनकी पार्टी महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की ओर बढ़ रही है। प्रदेश की अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित 10 सीटों में से 4 सीटों पर महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने सभी 29 प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया जबकि कांग्रेस ने 10 सीटों पर अपने कैंडिडेट दिए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण का कानून पास हुआ और पिछले चुनाव की तुलना में महिलाओं के 2 टिकट बढ़ा दिए गए। अगले चुनाव तक यह संख्या 9 तक भी पहुंच जाएगी। भाजपा ने इस बार मौजूदा सांसद संध्या राय भिंड और हिमाद्री सिंह शहडोल को रिपीट कर दिया है। इनके अलावा नए चेहरों में रतलाम से अनिता नागर सिंह चौहान, डॉ भारती पारधी बालाघाट, लता वानखेड़े सागर और सावित्री ठाकुर को धार से प्रत्याशी घोषित किया गया है। सावित्री ठाकुर 2014 में धार से ही सांसद रह चुकी हैं। पिछली बार उनका टिकट कट गया था, बाकी तीनों महिला प्रत्याशी पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रही हैं। डॉ भारती को पार्षद के बाद सीधे लोकसभा का टिकट मिला जबकि वानखेड़े की चुनावी यात्रा सरपंच के पद से शुरू हुई थी।

मनोबल तोड़ने की रणनीति

भाजपा ने इस बार छिंदवाड़ा सहित कई सीटों पर बदली हुई रणनीति के साथ चुनावी जमावट की है। छिंदवाड़ा सहित कई संसदीय क्षेत्रों के कांग्रेस नेता भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं। भाजपा की रणनीति है कि विपक्षी खेमे का चुनाव के पहले मनोबल टूट जाए, यही कारण है कि सभी जिलों में छोटे-बड़े सभी नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई जा रही है। कांग्रेस ने अभी 10 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया है जबकि भाजपा सभी 29 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

पिछली बार से ज्यादा टिकट

टिकट वितरण से हम लोग खुश और प्रफुल्लित हैं। पार्टी ने पिछले चुनाव की तुलना में महिलाओं को 2 टिकट ज्यादा दिए हैं। आने वाले समय में महिलाओं का प्रतिनिधित्व और बढ़ेगा। - माया नारोलिया,अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा एवं राज्यसभा के लिए निर्वाचित।

अभी कानून पास हुआ है

अभी कानून पास हुआ है और हमने पहली बार महिलाओं के टिकट 4 से बढ़ाकर 6 कर दिए। जल्दी ही इसे और बढ़ाकर 33 फीसदी किया जाएगा। - प्रभात झा , पूर्व सांसद

आगे बढ़ेगा प्रतिनिधित्व

मप्र में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने इस बार महिला प्रत्याशियों की संख्या बढ़ा दी है। आने वाले समय में भी पार्टी महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाएगी। - वीडी शर्मा, अध्यक्ष मप्र भाजपा

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts