Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'मुझे अल्लाह ने भेजा है...'पेरिस की सड़क पर चाकू लेकर दौड़ा हमलावर, 3 महिलाओं पर किए ताबड़तोड़ वार,  VIDEO वायरल

फ्रांस की राजधानी पेरिस में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक सिरफिरे व्यक्ति ने दो बड़े चाकुओं से तीन महिलाओं पर हमला कर दिया, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। 
पेरिस की सड़क पर चाकू लेकर दौड़ा हमलावर, 3 महिलाओं पर किए ताबड़तोड़ वार,  VIDEO वायरल
पेरिस में एक सिरफिरे व्यक्ति ने दो बड़े चाकुओं से तीन महिलाओं पर हमला कर दिया

फ्रांस की राजधानी पेरिस से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे व्यक्ति ने दो बड़े रसोई के चाकुओं से तीन महिलाओं पर हमला कर दिया। यह घटना पोर्ट डी क्लिची इलाके के पास हुई, जहां अचानक हुए हमले से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमले में 19, 24 और 36 साल की तीन महिलाएं घायल हुई हैं। इनमें एक महिला गर्भवती भी बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और एक ऑफ-ड्यूटी पुलिस अधिकारी की बहादुरी की वजह से आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला और उसे तुरंत पकड़ लिया गया।

आरोपी ने क्या कहा?

आरोपी को काबू में किए जाने के बाद उसने दावा किया कि, मुझे अल्लाह ने यह करने के लिए भेजा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के समय आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। आंतरिक मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि आरोपी लगातार बहकी-बहकी बातें कर रहा था और उसकी पहचान की पुष्टि भी तुरंत नहीं हो सकी।इसी वजह से जांच एजेंसियां उसके मानसिक स्वास्थ्य और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।

क्या हुआ था उस दिन?

जानकारी के मुताबिक, पेरिस के पोर्ट डी क्लिची इलाके में लोग अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे। तभी एक व्यक्ति अचानक हाथों में दो बड़े रसोई के चाकू लेकर सड़क पर पहुंचा और वहां मौजूद महिलाओं पर हमला करना शुरू कर दिया। हमलावर ने बिना किसी चेतावनी के महिलाओं पर कई बार चाकू से वार करने की कोशिश की। घटना इतनी अचानक हुई कि लोग कुछ देर के लिए समझ ही नहीं पाए कि आखिर हो क्या रहा है। कुछ ही मिनटों में वहां चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

तीन महिलाएं हुईं घायल

इस हमले में तीन महिलाएं घायल हुई हैं। उनकी उम्र 19, 24 और 36 साल बताई गई है। फ्रांस के आंतरिक मंत्री लॉरेंट नुनेज के अनुसार, दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं तीसरी महिला को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। डॉक्टर उसकी और गर्भ में पल रहे बच्चे की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी हाथों में दो चाकू लेकर एक युवती की ओर बढ़ता है और उस पर हमला करने की कोशिश करता है। आसपास मौजूद लोग पहले घबरा जाते हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद कई लोग मिलकर हमलावर को रोकने की कोशिश करते हैं।

भीषण गर्मी पर फ्रांस ने अमेरिका को घेरा, कहा- आपकी कार्बन गैसों का खामियाजा हम भुगत रहे हैं

आम लोगों ने दिखाई बहादुरी

इस घटना में सबसे बड़ी बात यह रही कि कई आम लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना महिलाओं की मदद की। घटनास्थल पर मौजूद मोहामेद-अली बाउहाजर ने बताया कि जैसे ही उन्होंने हमलावर को चाकू से हमला करते देखा, उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को मदद के लिए आवाज लगाई। इसके बाद लोगों ने मिलकर आरोपी को रोकने की कोशिश शुरू कर दी।

सूटकेस फेंककर रोका हमला

मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने सूझबूझ दिखाते हुए अपना सूटकेस आरोपी की तरफ फेंक दिया। सूटकेस लगते ही हमलावर का संतुलन बिगड़ गया और उसके हाथ से दोनों चाकू गिर गए। इसके बाद कई लोगों ने मिलकर आरोपी को जमीन पर गिरा दिया और उसे पकड़कर दबोच लिया। यदि लोगों ने समय रहते साहस नहीं दिखाया होता तो यह घटना और भी गंभीर हो सकती थी।

ऑफ-ड्यूटी पुलिस अधिकारी ने तुरंत संभाला मोर्चा

घटना के समय एक पुलिस अधिकारी ड्यूटी पर नहीं था, लेकिन वह उसी इलाके में मौजूद था। जैसे ही उसे हमले की जानकारी मिली, उसने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी तेजी और समझदारी की वजह से आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला। बाद में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।

नीरज चोपड़ा का फिर बजा डंका! देश के नंबर-1 एथलीट बने, पीटी उषा को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

क्या यह आतंकी हमला था?

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला किसी व्यक्तिगत वजह से किया गया या इसके पीछे कोई आतंकी साजिश थी। फ्रांस का राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजक कार्यालय पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी

पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी ने महिलाओं को ही क्यों निशाना बनाया, वह चाकू लेकर वहां कैसे पहुंचा और उसके पीछे असली मकसद क्या था।
 

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts