मथुरा में ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, हादसे में भिंड के 4 लोगों की मौत; 5 गंभीर घायल

भिंड। हादसे में दो मासूम बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। कार में सवार पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
दर्शन के बाद रमणरेती जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, देवाशीष अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट कार क्रमांक MP 30 ZJ 2690 से धार्मिक यात्रा पर मथुरा गए थे। वृंदावन और बरसाना में दर्शन करने के बाद सभी रमणरेती जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सोमवार सुबह रास्ते में हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें: सनावद में सड़क हादसे का खुलासा, रॉन्ग साइड से आ रही तूफान गाड़ी से बचने नाली में गिरा बाइक सवार
सुबह 7:30 बजे ट्रक से टकराई कार
सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे जैंत थाना क्षेत्र में राम धर्म कांटा के पास हाईवे पर परिवार की कार डस्ट से भरे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि ट्रक ग्वालियर की ओर से आया था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
कार में फंसे लोगों को मशक्कत के बाद निकाला
हादसे के बाद कार में बैठे लोग अंदर ही फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
दो मासूम बच्चों और दो महिलाओं की मौत
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रुद्र (4), कान्हा (10), रूबी (32) और ज्योति (30) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दो बच्चों और दो महिलाओं की जान चली गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पांच घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे में आशा, देवाशीष, गिरिजा, पलक और गौरी घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




















