सनावद में सड़क हादसे का खुलासा, रॉन्ग साइड से आ रही तूफान गाड़ी से बचने नाली में गिरा बाइक सवार

सनावद-बेड़िया। 22 नवंबर को सड़क किनारे नाली में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। सूचना पर पुलिस ने सनावद रोड स्थित श्याम मार्बल के पास घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना बेड़िया में मर्ग क्रमांक 57/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से हादसे का खुलासा
जांच के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने घटना को गंभीरता से लिया। घटनास्थल और बेड़िया कस्बे के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। एफएसएल यूनिट खरगोन और बेड़िया पुलिस टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि चार पहिया वाहन ट्रैक्स तूफान बेड़िया से सनावद की ओर जा रहा था। वहीं, मृतक संदीप पिता लखनलाल भटाणिया बाइक से सनावद से बेड़िया जा रहा था। संदीप की उम्र 25 वर्ष थी। वह बेड़िया का निवासी था।
रॉन्ग साइड पर मोड़ दी थी गाड़ी
रात करीब 12:45 बजे तूफान चालक ने अचानक गाड़ी रॉन्ग साइड में मोड़ दी। आरोपी चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन मोड़ा था। इससे बचने के प्रयास में बाइक सवार सीधे नाली में गिर गया। हादसे में गंभीर चोट लगने से संदीप की मौत हो गई।
सागर में भीषण एक्सीडेंट: चार्टर्ड बस और कार की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत
चालक वाहन समेत पुलिस की गिरफ्त में
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने अपराध क्रमांक 340/26 दर्ज किया। यह मामला धारा 106(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। मामले में चालक गणेश पिता भगवान को पकड़ा गया है। उसकी उम्र 22 वर्ष है। वह भोगांव सिपानी का निवासी है।
पुलिस ने ट्रैक्स तूफान वाहन क्रमांक MP09 FA4106 भी जब्त किया है। आरोपी चालक से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। वाहन का मालिक ग्राम तमोलिया निवासी दशरथ बिरला है।




















