उप्र से फिर मप्र में दाखिल हुई सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, दिग्विजय सिंह बोले-जनसमर्थन हमारे संकल्प को कर रहा मजबूत

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सोमवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से चलकर पुनः मध्य प्रदेश में प्रवेश कर गई। यात्रा निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा के ग्राम जेरोन पहुंची, जहां पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौड़ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, अपने साथियों और स्थानीय नागरिकों के साथ आत्मीयता से यात्रा की अगवानी की और स्वागत किया। इस अवसर पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश से पुनः मध्य प्रदेश में प्रवेश करते हुए यात्रा को जो स्नेह, सम्मान और जनसमर्थन मिल रहा है, वह हमारे संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करता है। जगह-जगह उमड़ रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि लोकतंत्र की रक्षा और धार्मिक आस्था की पवित्रता का विषय जन-जन की भावनाओं से जुड़ा हुआ है।
यह यात्रा केवल पैदल चलने कका अभियान नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी यह यात्रा केवल पैदल चलने का अभियान नहीं, बल्कि वोट चोरी के विरुद्ध लोकतंत्र और जनमत की रक्षा तथा चंदा चोरी के विरुद्ध सनातन आस्था के सम्मान और धार्मिक स्थलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का जनजागरण अभियान है। महाकाल की नगरी उज्जैन से प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या तक सत्य, सनातन और स्वाभिमान का यह सफर निरंतर जारी है।
यात्रा में शामिल हुए विधायक नितेंद्र सिंह राठौड़
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार सुबह ग्राम जेरोन से पदयात्रा प्रारंभ हुई। यहां से यात्रा खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंची। दोपहर 1 बजे भोजन एवं विश्राम के बाद शाम 3 बजे टोड़ी तिगैला से पदयात्रा आगे बढ़ी। इसके बाद यात्रा ग्राम सिमरा तालाब स्थित श्री हिंगलाज माता मंदिर पहुंची। शाम को ग्राम सिमरा स्थित फूलचंद जैन शिक्षा निकेतन पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में पदयात्रा का विश्राम और रात्रि भोजन होगा। इसके बाद यात्रा का रात्रि विश्राम निवाड़ी जिले के ओरछा में होगा। यात्रा के दौरान पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौड़ यात्रियों के ठहरने व अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दौरान सभा को संबोधित किया।
ओरछा के बाद फिर उप्र में होगा प्रवेश
ललितपुर में पांच दिवसीय प्रवास के बाद 22 नवंबर को यात्रा ने आगे का सफर शुरू किया था। मध्यप्रदेश में पुनः प्रवेश के बाद अब यात्रा ओरछा होते हुए आगे बढ़ेगी और फिर उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर अयोध्या पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि यह यात्रा 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद शुरू हुई थी। महाकाल की नगरी उज्जैन से प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या तक करीब 930 किलोमीटर की यह पदयात्रा धार्मिक आस्था, सनातन स्वाभिमान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनजागरण कर रही है। यात्रा के दौरान मंदिरों में चढ़ावे और दान की पारदर्शिता, चंदा चोरी तथा वोट चोरी जैसे विषयों पर लोगों से संवाद किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: ओरछा के रामराजा मंदिर के खजाने के ताले काटने पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, 26 नवंबर को पहुंचकर मांगेंगे हिसाब




















