पनामा में फिर कांपी धरती! 6.0 तीव्रता के भूकंप से बढ़ी चिंता; पहले झटकों ने मचाई थी तबाही

पनामा। पनामा में एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। सोमवार को आए 6.0 तीव्रता के भूकंप ने शुक्रवार के शक्तिशाली झटकों के बाद लोगों की चिंता बढ़ा दी है। यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, ताजा भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 35 किलोमीटर नीचे था। इससे पहले शुक्रवार को आए बड़े भूकंप के बाद कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा था। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक कम से कम 27 लोग घायल हुए हैं और सैकड़ों घर प्रभावित हुए हैं। लगातार आ रहे झटकों के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
शुक्रवार के भूकंप ने पहुंचाया भारी नुकसान
पनामा में शुक्रवार को आए शक्तिशाली भूकंप की तीव्रता को लेकर शुरुआती आंकड़ों में बदलाव किया गया था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने पहले इसकी तीव्रता 8 बताई, जिसे बाद में 7.6 और फिर 7.7 किया गया। भूकंप का केंद्र हेरेरा प्रांत में पितालोजा अरिबा इलाके से करीब 10 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। इसका केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे था। इस झटके से कई प्रांतों में मकानों, सड़कों और दूसरी इमारतों को नुकसान पहुंचा।
27 लोग घायल, सैकड़ों घर प्रभावित
भूकंप के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, कम से कम 27 लोग घायल हुए हैं। करीब 900 घरों को नुकसान पहुंचने की खबर है। शुरुआती रिपोर्टों में 400 से ज्यादा इमारतों के प्रभावित होने की बात भी सामने आई थी। दूर-दराज के इलाकों में नुकसान का आकलन जारी रहने के कारण आंकड़ों में बदलाव हो सकता है। कुछ जगहों पर सड़कों में दरारें आईं, जबकि पेनोनोमे शहर में एक चर्च का घंटाघर गिरने की खबर मिली। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में जांच और राहत का काम जारी रखा है।
बड़े भूकंप के बाद क्यों आ रहे हैं झटके?
शक्तिशाली भूकंप के बाद छोटे या तेज झटकों का आना आम बात है। इन्हें आफ्टरशॉक कहा जाता है। बड़े भूकंप के बाद जमीन के नीचे चट्टानों और भूगर्भीय परतों में तनाव का संतुलन बदलता है। इसी प्रक्रिया के दौरान दोबारा झटके महसूस हो सकते हैं। पनामा में शुक्रवार के भूकंप के बाद भी लगातार आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, शुरुआती 18 घंटों में 100 से ज्यादा झटके महसूस हुए थे। सोमवार को आया 6.0 तीव्रता का भूकंप भी इसी दौरान दर्ज किया गया।
UK में भारतीय छात्रों की बढ़ी मुश्किलें! यूनिवर्सिटीज वापस ले रहीं एडमिशन ऑफर, जानिए वजह
सुनामी की चेतावनी के बाद बढ़ाई गई सतर्कता
शुक्रवार के भूकंप के बाद मध्य और दक्षिण अमेरिका के कई तटीय इलाकों में सुनामी का खतरा जताया गया था। अलग-अलग देशों के कुछ तटीय क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की गई, जिन्हें बाद में हालात का आकलन करने के बाद हटा लिया गया। भूकंप के असर से पनामा में मेट्रो सेवाएं और टोकुमेन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी कुछ समय के लिए बंद रहे थे। जांच के बाद उड़ानें दोबारा शुरू कर दी गईं। फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने और कमजोर इमारतों से दूर रहने की सलाह दी गई है।




















