Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पाकिस्तान के आर्मी चीफ ने दोहराई टू-नेशन थ्योरी, कहा- हमारी संस्कृति और सोच हिंदुओं से अलग, इसलिए बने दो देश

Follow on Google News
पाकिस्तान के आर्मी चीफ ने दोहराई टू-नेशन थ्योरी, कहा- हमारी संस्कृति और सोच हिंदुओं से अलग, इसलिए बने दो देश
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर ने इस्लामाबाद में आयोजित पहले ओवरसीज पाकिस्तानी सम्मेलन के मंच से कई विवादास्पद और उग्र बयान दिए। उन्होंने पाकिस्तान की नींव को इस्लाम के मूल मंत्र कलमा पर आधारित बताया और टू-नेशन थ्योरी को एक बार फिर मजबूती से दोहराया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत पाकिस्तान सरकार और सेना के कई शीर्ष अधिकारी मौजूद थे।

हम हर मायने में हिंदुओं से अलग

जनरल असीम मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान के बनने का आधार ही यह था कि मुसलमान और हिंदू दो अलग कौमें हैं। उन्होंने कहा, "हमारा धर्म, हमारी संस्कृति, हमारी सोच और हमारे रीति-रिवाज अलग हैं। यही वह सोच थी, जिसके आधार पर हमारे पूर्वजों ने पाकिस्तान का सपना देखा और इसके लिए बलिदान दिया।"

पाकिस्तान की कहानी अपने बच्चों को सुनाइए

मुनीर ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि पाकिस्तान के निर्माण की कहानी अपने बच्चों को जरूर सुनाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "हमें यह समझाना है कि क्यों हमारे पूर्वजों ने सोचा कि हमें हिंदुओं से अलग रहना चाहिए। हमारी सोच और महत्वाकांक्षाएं अलग थीं, इसीलिए हम दो देश हैं, एक नहीं।"

सिर्फ दो रियासतों की बुनियाद कलमे पर रखी गई

जनरल मुनीर ने अपने भाषण में इस्लामी इतिहास का भी उल्लेख किया और कहा, "अब तक इतिहास में केवल दो रियासतें ऐसी रही हैं जिनकी बुनियाद कलमा पर रखी गई। पहली रियासत, तैयबा, जिसे हमारे नबी (हजरत मोहम्मद साहब) ने नाम दिया था, जिसे आज मदीना कहा जाता है। और दूसरी रियासत, पाकिस्तान, जिसे अल्लाह ने 1300 साल बाद बनाया।"

कश्मीर को बताया गले की नस

कश्मीर को लेकर मुनीर का बयान बेहद तीखा रहा। उन्होंने कहा, "हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है। कश्मीर हमारी गले की नस था, है और रहेगा। हम इसे कभी नहीं भूल सकते। हमारे कश्मीरी भाई वीरता से संघर्ष कर रहे हैं और हम उन्हें कभी अकेला नहीं छोड़ेंगे।" उन्होंने कश्मीर मुद्दे को फिलिस्तीन के गाजा पट्टी से जोड़ते हुए कहा, "पाकिस्तानियों का दिल गाजा के मुसलमानों के साथ धड़कता है।"

बलूचिस्तान के आतंकियों को दी चेतावनी

बलूचिस्तान में सक्रिय अलगाववादी गुटों और आतंकी संगठनों को लेकर जनरल मुनीर ने बेहद कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने कहा, "बलूचिस्तान पाकिस्तान का गौरव है। क्या आप इसे आसानी से छीन लेंगे? दस पीढ़ियां भी इसे नहीं ले पाएंगी। इंशाअल्लाह, हम इन आतंकियों को जल्द ही कुचल देंगे।" उन्होंने मार्च 2025 में जफर एक्सप्रेस ट्रेन के अपहरण जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में 1500 आतंकी किसी भी सूरत में पाकिस्तान का भविष्य नहीं बदल सकते। भारतीय सेना का उल्लेख करते हुए जनरल मुनीर ने कहा, "अगर 13 लाख सैनिकों वाली भारतीय सेना पाकिस्तान को डरा नहीं सकी, तो कुछ आतंकी हमें कैसे डरा सकते हैं?" ये भी पढ़ें- अगले आदेश तक नहीं होगी वक्फ में नई नियुक्ति, SC ने केंद्र सरकार से 7 दिन में मांगा जवाब, अगली सुनवाई 5 मई को
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

Latest Posts