Pakistan News : बलूचिस्तान प्रांत में आतंकियों ने बस रोककर किया यात्रियों का अपहरण, कार पर फायरिंग की; 11 की मौत

कराची। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने नौ बस यात्रियों समेत 11 लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि पहली घटना में सशस्त्र हमलावरों ने शुक्रवार को नोस्की जिले में हाईवे पर एक बस रुकवाई और बंदूक का डर दिखाकर 9 पुरुषों का अपहरण कर लिया। एक अधिकारी ने बताया, बाद में इन नौ पुरुषों के शव नजदीकी पर्वतीय इलाके में एक पुल के पास मिले और उनके शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए।
कार पर गोलीबारी भी की
पुलिस ने बताया कि यह बस क्वेटा से ताफ्तान जा रही थी, तभी सशस्त्र हमलावरों ने बस रुकवाई और यात्रियों की पहचान करने के बाद नौ पुरुषों को अपहरण करके पर्वतीय इलाकों में ले गए। एक अन्य घटना में इसी हाईवे पर एक कार पर गोलीबारी की गई, जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।





















