दिवाली से पहले दिल्ली की सड़कों पर लगा जाम, आनंद विहार से सदर बाजार तक रेंगते रहे वाहन

नई दिल्ली। दिल्ली के कई इलाकों में भीषण ट्रैफिक जाम देखने को मिला। आनंद विहार बस अड्डे और रेलवे स्टेशन के सामने वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। वहीं सदर बाजार, करोल बाग, कालकाजी और उत्तरी व मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। त्योहारों की खरीदारी, अवैध पार्किंग और GRAP के तहत लागू पाबंदियों के कारण सड़कों पर दबाव बढ़ गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुछ रास्तों पर जाने से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।
आनंद विहार में बस अड्डे और रेलवे स्टेशन के सामने लगा जाम
पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार इलाके में गुरुवार को वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया। बस अड्डे और रेलवे स्टेशन के सामने गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। गाजीपुर से आनंद विहार और सीमापुरी की तरफ जाने वाले रास्तों पर वाहन बेहद धीमी गति से चलते नजर आए। त्योहार की खरीदारी और धनतेरस से पहले बढ़ी आवाजाही के कारण सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है। जाम की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात के दबाव को देखते हुए वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक, सीलमपुर से जाफराबाद के बीच रोड नंबर 66 और जीटी रोड पर शास्त्री पार्क से सीलमपुर तक यातायात धीमा रहने की आशंका है। रोड नंबर 66 पर गुरुवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार और पैदल चलने वालों की अधिक आवाजाही इसकी प्रमुख वजह है। इन दोनों मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इन रास्तों से बचें और अपनी सुविधा के अनुसार दूसरे मार्गों का इस्तेमाल करें।
सदर बाजार और करोल बाग में अवैध पार्किंग से बढ़ी परेशानी
सदर बाजार और करोल बाग समेत दिल्ली के कई प्रमुख बाजारों में भीषण जाम लगा था। सदर बाजार में कुतुब रोड चौक की तरफ जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि फुटपाथ के किनारे दोपहिया और अन्य वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे हैं, जिससे पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता नहीं बचता। लोगों ने अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने और वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर सवाल उठाए। करोल बाग के अजमल खान रोड पर भी सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित रहा।
ये भी पढ़ें: दिल्ली की हवा बनी जहर! 28 इलाकों में AQI 400 पार, सांस लेना हुआ मुश्किल
इंद्रलोक से तीन मूर्ति मार्ग तक वाहनों की लंबी कतारें
उत्तरी और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। इंद्रलोक में यात्रियों ने बताया कि ट्रैफिक सिग्नल पर वाहन करीब आधे घंटे तक लगभग एक ही जगह खड़े रहे। वहीं तीन मूर्ति मार्ग और कुशक रोड पर वाहन चालकों को करीब 20 मिनट तक जाम का सामना करना पड़ा। 11 मूर्ति से धौला कुआं की तरफ जाने वाली सड़क पर भी यातायात की रफ्तार धीमी रही। तालकटोरा रोड से शंकर रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई जगहों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा।

दिवाली मेले और खरीदारी की भीड़ ने बढ़ाया सड़कों पर दबाव
दिल्ली के प्रमुख बाजारों में दिवाली की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इससे पहले से व्यस्त सड़कों पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया है। ब्लाइंड स्कूल के आसपास आयोजित दिवाली मेले के कारण भी सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। इसके अलावा बेतरतीब पार्किंग और GRAP के तहत लागू पाबंदियों ने भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया। यात्रियों ने कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती नहीं होने की शिकायत की। लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान बाजारों के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाने चाहिए।
हेल्पलाइन नंबर 1095 पर कर सकते हैं संपर्क
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा शुरू करने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखें। पुलिसकर्मियों को प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखा जा सके। यातायात से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस का प्रयास है कि त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के बीच यातायात सुचारु बना रहे। हालांकि, लोगों ने अवैध पार्किंग पर सख्ती और बाजारों के आसपास ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर करने की मांग की है।




















