‘विदेशी हसीना’ ने बुजुर्ग से ठगे 10 लाख: भारत आकर मिलने का झांसा देकर बनाया शिकार

ने बुजुर्ग से ठगे 10 लाख: भारत आकर मिलने का झांसा देकर बनाया शिकार
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर। शहर में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। इस बार एक 67 वर्षीय रिटायर्ड बुजुर्ग ‘विदेशी महिला’ से दोस्ती के झांसे में आकर 10 लाख रुपये से ज्यादा गंवा बैठे। मामला सामने आने के बाद एरोड्रम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।

    भारत आकर मिलने की बात कही 

    पुलिस के अनुसार ओम विहार कॉलोनी निवासी पीड़ित जल संसाधन विभाग से सेवानिवृत्त हैं। 15 जनवरी को उनकी फेसबुक पर “डॉ. लिसा डेविस” नाम की महिला से दोस्ती हुई, जिसने खुद को स्कॉटलैंड निवासी बताया। बातचीत बढ़ने पर दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और नियमित चैटिंग शुरू हो गई। कुछ दिनों बाद महिला ने भारत आकर मिलने की बात कही और विश्वास जीतने के लिए महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा दिया। इसके बाद ठगी का सिलसिला शुरू हुआ।

    विदेश से आए पार्सल 

    पीड़ित के पास एक कॉल आया, जिसमें खुद को दिल्ली एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल कोरियर सर्विस का कर्मचारी बताया गया। कॉलर ने कहा कि विदेश से आए पार्सल की डिलीवरी के लिए 15,500 रुपये जमा करने होंगे। भरोसे में आकर बुजुर्ग ने तुरंत रकम ट्रांसफर कर दी।

    पार्सल में विदेशी मुद्रा

    इसके बाद ठगों ने नया पैंतरा अपनाते हुए पार्सल में विदेशी मुद्रा होने का हवाला दिया और मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसने का डर दिखाकर 85 हजार रुपये और ऐंठ लिए। यहीं नहीं, विदेशी करेंसी को भारतीय मुद्रा में बदलने के नाम पर करीब 7 लाख रुपये और फिर 1.92 लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में वसूल लिए। इस तरह ठगों ने कुल 10.42 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। जब आरोपियों ने फिर से पैसे की मांग की तो बुजुर्ग को शक हुआ और उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

    शिकायत के बाद जांच शुरू  

    एसीपी विवेक चौहान के मुताबिक मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें और किसी भी तरह के आर्थिक लेन-देन से पहले पूरी जांच जरूर करें।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts