भोपाल:टैक्सी ड्राइवरों ने किया प्रदर्शन, हाथों में कटोरा लेकर जताया विरोध; बोले-अब भीख मांगने जैसी स्थिति

भोपाल। टैक्सी चालकों ने ओला, उबर और रेपिडो की नीतियों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। चालकों ने कम किराए और बढ़ते खर्च को अपनी आर्थिक परेशानियों का प्रमुख कारण बताया। संघ ने किराया निर्धारण की समीक्षा और नियमों के प्रभावी पालन की मांग करते हुए जल्द समाधान की अपील की है।
कमाई और खर्च के बीच बढ़ती खाई
भोपाल टैक्सी चालक संघ के बैनर तले हुए प्रदर्शन में ड्राइवरों ने आरोप लगाया कि मौजूदा किराया दरें उनकी आर्थिक स्थिति को लगातार कमजोर कर रही हैं। संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि चालकों को औसतन नौ रुपये प्रति किलोमीटर तक ही किराया मिल रहा है, जबकि ईंधन और वाहन संचालन का खर्च इससे अधिक हो चुका है। ऐसे में आय और खर्च का संतुलन बिगड़ गया है।
ये भी पढ़ें: मां पर हत्या का केस... फिर भी बेटे की अनुकंपा नौकरी नहीं रुकेगी, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
प्रतीकात्मक प्रदर्शन से जताई पीड़ा
प्रदर्शन के दौरान कई चालक फटे कपड़ों में नजर आए और हाथ में कटोरा लेकर अपनी स्थिति को दर्शाने का प्रयास किया। चालकों का कहना था कि कम किराए और बढ़ते खर्च के कारण परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि वर्तमान व्यवस्था में मेहनत के अनुपात में उन्हें उचित इनकम नहीं हो पा रही है।
कंपनियों के खिलाफ की नारेबाजी
बताया जा रहा है कि परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित किराया मानकों का पालन नहीं किया है। शुरुआती वर्षों में तय नियमों के अनुसार संचालन हुआ, लेकिन समय के साथ कंपनियों ने अपनी शर्तें लागू करनी शुरू कर दीं, जिससे चालकों की आय प्रभावित हुई है।
ये भी पढ़ें: MP Weather Update : 17-18 जून को प्रदेश में दस्तक देगा मानसून, उससे पहले ओले-बारिश और आंधी का अलर्ट
आश्वासनों से नहीं निकल रहा समाधान
टैक्सी चालकों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं को कई मंचों पर उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। उनका आरोप है कि हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है, जबकि आर्थिक संकट लगातार गहराता जा रहा है। चालकों ने मांग की है कि किराया दरों की समीक्षा कर उन्हें राहत प्रदान की जाए।












