भारत को 2027 के लिए 'डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर' चुने जाने पर HAI ने जताई खुशी, वैश्विक पर्यटन में बढ़ेगा देश का रुतबा

मुंबई। होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (HAI) ने भारत को वर्ष 2027 के लिए 'डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर' चुने जाने पर प्रसन्नता जाहिर की है। एसोसिएशन ने इस उपलब्धि को भारतीय पर्यटन के लिए एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय मान्यता बताया है। इसके जरिए दुनियाभर के पर्यटकों का ध्यान भारत की ओर आकर्षित होगा और वैश्विक पर्यटन बाजार में देश की पहचान और मजबूत होगी। HAI के अनुसार, यह सम्मान प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पर्यटन क्षेत्र के सतत विकास के लिए किए जा रहे भारत के प्रयासों को भी मान्यता प्रदान करता है। साथ ही, पर्यटन को 'विकसित भारत' के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले क्षेत्र के रूप में स्थापित करता है।
पर्यटन मंत्रालय और राज्य सरकारों के प्रयासों को मिली पहचान
भारत को मिली यह उपलब्धि पर्यटन मंत्रालय और विभिन्न राज्यों के पर्यटन बोर्डों की कोशिशों को भी मजबूती प्रदान करती है। इनका उद्देश्य भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक आकर्षक और प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। इस मान्यता से भारत के पर्यटन की विविधता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसमें प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, आध्यात्मिक पर्यटन, वेलनेस, मेडिकल टूरिज्म और स्थानीय समुदायों से जुड़े अनूठे अनुभव शामिल हैं।
HAI अध्यक्ष केबी कचरू ने बताया बड़ी उपलब्धि
होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और रेडिसन होटल ग्रुप (दक्षिण एशिया) के चेयरमैन केबी कचरू ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भारत को मिली यह अंतरराष्ट्रीय पहचान देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे दुनिया भर के यात्रियों की भारत में रुचि बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने पर्यटन मंत्रालय और पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि इन सभी ने भारत की समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
अनदेखे पर्यटन स्थलों का बेहतर अनुभव मिलना चाहिए
कचरू के मुताबिक, अब सभी संबंधित पक्षों को मिलकर काम करने की जरूरत है, ताकि भारत की पर्यटन क्षमता को वास्तविक सफलता में बदला जा सके। विदेशी और घरेलू पर्यटकों को देश की विविधता, सांस्कृतिक विरासत और अनदेखे पर्यटन स्थलों का बेहतर अनुभव मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों और दशकों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पर्यटन छवि किस तरह विकसित होती है, इसका देश के इनबाउंड टूरिज्म पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा। यह अवसर भारत में विदेशी पर्यटकों के आगमन के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है।
सरकारी और निजी क्षेत्र की साझेदारी जरूरी
HAI का मानना है कि भारत को मिली इस वैश्विक पहचान का पूरा लाभ उठाने के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के बीच मजबूत सहयोग आवश्यक है। एसोसिएशन के अनुसार, पर्यटन क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए तीन प्रमुख पहलुओं पर ध्यान देना होगा:
- पर्यटकों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना।
- देश के अलग-अलग पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करना।
- वैश्विक मंच पर भारत की एक मजबूत और एकीकृत पर्यटन छवि तैयार करना।
इन प्रयासों से भारत में पर्यटन के लिए बढ़ती अंतरराष्ट्रीय दिलचस्पी को लंबे समय तक कायम रखा जा सकता है।
HAI ने पर्यटन मंत्रालय और उद्योग जगत का जताया आभार
होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने इस उपलब्धि के लिए पर्यटन मंत्री, पर्यटन सचिव, अतिरिक्त सचिव और मंत्रालय की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही एसोसिएशन ने पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी प्रमुख हितधारकों के योगदान की भी सराहना की। HAI के मुताबिक, इन सभी के निरंतर प्रयासों से भारत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान दिलाने में मदद मिली है।
2027 में भारत करेगा WTTC ग्लोबल समिट की मेजबानी
भारत के लिए 2027 पर्यटन के लिहाज से एक और महत्वपूर्ण वर्ष होने वाला है। देश इसी साल प्रतिष्ठित वर्ल्ड ट्रैवल एंड टूरिज्म काउंसिल ग्लोबल समिट (WTTC) ग्लोबल समिट की मेजबानी करेगा। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से भारत को वैश्विक पर्यटन उद्योग के सामने अपनी क्षमताओं, विविधता और संभावनाओं को प्रदर्शित करने का बड़ा अवसर मिलेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन जगत में भारत की उपस्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है। HAI ने पर्यटन मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, राज्य सरकारों और पूरे पर्यटन उद्योग से साझा लक्ष्य के साथ काम करने की अपील की है। एसोसिएशन का मानना है कि भारत के पास वैश्विक पर्यटन क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे किसी भी स्थिति में गंवाना नहीं चाहिए।




















