Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिकी रिपोर्ट में खुलासा, भारत के खिलाफ चीन और पाकिस्तान की बढ़ती सैन्य साझेदारी से टू-फ्रंट वॉर का खतरा

चीन भारत को रणनीतिक चुनौती मानते हुए पाकिस्तान को सैन्य समर्थन दे रहा है। मई 2025 के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन की भूमिका ने भारत की चिंताओं को और बढ़ाया है। वहीं, सीमा विवाद के बावजूद भारत-चीन संबंधों में अविश्वास कायम है।
अमेरिकी रिपोर्ट में खुलासा, भारत के खिलाफ चीन और पाकिस्तान की बढ़ती सैन्य साझेदारी से टू-फ्रंट वॉर का खतरा

नई दिल्ली। अमेरिका की एक रिपोर्ट में भारत की सुरक्षा से जुड़ी अहम चिंताओं को उजागर किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार चीन भारत का मुकाबला करने के लिए पाकिस्तान को समर्थन दे रहा है। चीन और पाकिस्तान के बीच मजबूत होते सैन्य संबंध भारत के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। इससे भविष्य में भारत के सामने दो मोर्चों पर एक साथ संघर्ष यानी टू-फ्रंट वॉर की आशंका बढ़ गई है। भारत और चीन के बीच लंबे समय से चला आ रहा अविश्वास भी अब तक पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में पाकिस्तान के साथ चीन की बढ़ती सैन्य नजदीकी भारत की रणनीतिक और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को और गंभीर बनाती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान को मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रहा है चीन।

यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आए पाकिस्तानी मंत्री, SCO सम्मेलन में PM मोदी करेंगे उद्घाटन

अमेरिकी रिपोर्ट में भारत को लेकर चीन की रणनीति का जिक्र

अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक, भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जिनके पास पर्याप्त जनसंख्या, आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत और भौगोलिक सामर्थ्य मौजूद है। ये सभी क्षमताएं चीन की शक्ति और उसके रणनीतिक प्रभाव को चुनौती देने की क्षमता रखती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन भारत के विकास को अपने लिए एक चुनौती के तौर पर देखता है। इसी वजह से वह भारत पर सैन्य, आर्थिक, समुद्री और अन्य माध्यमों से दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। भारत और चीन के बीच प्रतिस्पर्धा के पीछे दोनों देशों के अपने रणनीतिक हित हैं। हालांकि, द्विपक्षीय संबंधों में सबसे बड़ा तनाव अब भी सीमा विवाद को लेकर बना हुआ है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सामने आया चीन का समर्थन

मई 2025 में हुए भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान ऑपरेशन सिंदूर ने चीन की भूमिका को लेकर कई महत्वपूर्ण पहलुओं को सामने रखा। इस घटनाक्रम से यह संकेत मिला कि चीन सीधे सैन्य संघर्ष का हिस्सा बने बिना भी संकट के समय पाकिस्तान को सहायता उपलब्ध करा सकता है। इस घटनाक्रम ने भारत की उस आशंका को मजबूत किया है कि भविष्य में पाकिस्तान के साथ किसी भी सैन्य टकराव की स्थिति में चीन उसे समर्थन दे सकता है। भारत के लिए यह स्थिति इसलिए भी चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि उसे एक साथ दो मोर्चों पर संभावित खतरे का सामना करना पड़ सकता है।

गलवान की झड़पों के बाद बदले भारत-चीन संबंध

  • साल 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़पें भारत और चीन के रिश्तों के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित हुईं।
  • इस घटना के बाद अब भारत सीमा पर जारी विवाद को चीन के साथ व्यापक द्विपक्षीय संबंधों से अलग रखकर देखने के पक्ष में नहीं है।
  • भारत का रुख रहा है कि दोनों देशों के बीच सामान्य संबंधों की बहाली के लिए सीमा पर शांति और स्थिरता बेहद जरूरी है। 

सीमा विवाद सुलझाने के लिए दोनों देशों के प्रयास

2020 की गलवान झड़पों के करीब चार साल बाद, यानी 2024 के अंत से भारत और चीन ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को दोबारा सामान्य बनाने की दिशा में धीरे-धीरे कदम बढ़ाए। हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद दोनों देशों के बीच विश्वास की कमी बनी हुई है। भारत का स्पष्ट मानना है कि व्यापक स्तर पर रिश्तों को सामान्य बनाने से पहले सीमा पर शांति सुनिश्चित करना जरूरी है। सीमा विवाद के समाधान को लेकर दोनों देशों के बीच कई दौर की बैठकें भी हुई हैं। दोनों पक्षों ने अपने-अपने स्तर पर तनाव कम करने और सीमा पर शांति कायम करने के प्रयास किए हैं। इसके बावजूद भारत और चीन के रिश्तों में सतर्कता और अविश्वास की स्थिति बनी हुई है।

 

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts