ताइवान का चीन पर चुनाव प्रभावित करने का आरोप, मेटा को 2,700 संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स की शिकायत की

ताइपे। ताइवान में आगामी स्थानीय चुनावों से पहले सोशल मीडिया के माध्यम से जनमत को प्रभावित करने की कोशिश का मामला सामने आया है। रॉयटर्स के अनुसार ताइवान सरकार की आंतरिक रिपोर्टों और सरकारी अधिकारियों के मुताबिक ताइवान ने मेटा को लगभग 2,700 संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी दी है। अधिकारियों को आशंका है कि इन अकाउंट्स का इस्तेमाल चीन की ओर से चुनावी माहौल को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा था। इनका उद्देश्य राजनीतिक मुद्दों पर समाज में मतभेद बढ़ाना, मतदाताओं को मतदान से दूर रखना और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति लोगों के विश्वास को कमजोर करना था। ताइवान में 28 नवंबर को मेयर और काउंटी प्रमुखों के चुनाव होने हैं। इन चुनावों को 2028 की शुरुआत में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले राष्ट्रपति लाई चिंग-ते की पार्टी DPP के जनसमर्थन का महत्वपूर्ण आकलन माना जा रहा है। चीन DPP को अलगाववादी ताकत के रूप में देखता है और इस पार्टी के साथ किसी भी तरह की बातचीत से इनकार करता है।
260 अकाउंट्स से फैलाए गए 2,150 से ज्यादा AI वीडियो
ताइवान सरकार ने मेटा को जानकारी दी कि करीब 260 संदिग्ध अकाउंट्स के माध्यम से 2,150 से अधिक AI-जनरेटेड वीडियो प्रसारित किए गए। इन वीडियो में सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (DPP) के नेताओं और उनकी नीतियों को निशाना बनाया गया। इनमें ताइपे के मेयर पद के उम्मीदवार पूमा शेन भी शामिल थे। सरकार की आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक इन वीडियो को सोशल मीडिया पर कुल 23.5 लाख (2.35 मिलियन) इंटरैक्शन मिले। इनमें कमेंट और शेयर जैसी गतिविधियां शामिल थीं। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे प्रयास चुनाव के दौरान राजनीतिक ध्रुवीकरण को और गहरा कर सकते हैं तथा मतदाताओं के लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास को प्रभावित कर सकते हैं।
पिछले चार महीनों में बनाए गए ज्यादातर संदिग्ध अकाउंट्स
ताइवान के अधिकारियों के अनुसार, अधिकतर संदिग्ध अकाउंट्स पिछले चार महीनों के दौरान बनाए गए थे। इनकी पहचान मेटा के टेक्स्ट आधारित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Threads पर हुई, जो ताइवान में काफी लोकप्रिय है। जांच में सामने आया कि इन खातों को एक साथ कई समूहों यानी बैच में तैयार किया गया था।
मेटा ने हटाए संदिग्ध अकाउंट्स, कंपनी ने किया यह दावा
मेटा ने पुष्टि की है कि ताइवान सरकार की ओर से चिह्नित किए गए अकाउंट्स को हटा दिया गया है। कंपनी के मुताबिक इनमें से कई खाते उसके अपने सुरक्षा सिस्टम द्वारा पहले ही निष्क्रिय किए जा चुके थे। हालांकि, मेटा ने यह भी कहा कि हटाए गए अकाउंट्स में से किसी ने चुनाव से संबंधित मुद्दों पर पोस्ट नहीं किया था। कंपनी के अनुसार, इनमें से ज्यादातर खातों के कोई फॉलोअर भी नहीं थे। ताइवान सरकार की एक आंतरिक रिपोर्ट में संदिग्ध अकाउंट्स की लोकेशन से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। अधिकारियों द्वारा चिह्नित किए गए 2,400 Threads अकाउंट्स में से:
- 74% अकाउंट्स की लोकेशन चीन बताई गई है
- करीब 25% अकाउंट्स की लोकेशन की जानकारी नहीं दी गई है
- 1% अकाउंट्स की लोकेशन रूस है
रिपोर्ट के अनुसार, इन खातों को 27 अलग-अलग समूहों में बांटा गया था। प्रत्येक समूह में मिलते-जुलते चीनी नामों का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन अकाउंट्स की न्यूमेरिकल आईडी अलग-अलग थीं। अधिकारियों ने इसे बड़ी संख्या में एक साथ अकाउंट बनाए जाने का संकेत माना। रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि इन अकाउंट्स को चीन या रूस के लोगों ने बड़े पैमाने पर तैयार किया हो सकता है। इसका संभावित उद्देश्य ताइवान के 2026 के स्थानीय चुनावों को प्रभावित करना था।
पहले सामान्य पोस्ट, फिर सरकार और उम्मीदवारों पर निशाना
ताइवान के अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध अकाउंट्स ने शुरुआत में खुद को सामान्य ताइवानी सोशल मीडिया यूजर्स के तौर पर पेश किया। लोगों का भरोसा हासिल करने के लिए इनसे रोजमर्रा की रुचियों से जुड़ी सामग्री, जैसे भविष्य बताने वाली पोस्ट साझा की गईं। इसके बाद इन खातों के जरिए राजनीतिक संदेश प्रसारित किए जाने लगे। इनमें सरकार की आलोचना और चुनावी उम्मीदवारों को निशाना बनाने वाली सामग्री शामिल थी। एक अधिकारी के मुताबिक इन अकाउंट्स ने शुरुआत में सामान्य यूजर्स की तरह व्यवहार किया, लेकिन बाद में सरकार और उम्मीदवारों की आलोचना शुरू कर दी। साथ ही, सत्तारूढ़ पार्टी से निराशा जताते हुए मतदान नहीं करने की बात भी कही गई।
राजनीतिक विभाजन बढ़ाना था मकसद
ताइवान के सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि इस सोशल मीडिया अभियान का मुख्य उद्देश्य किसी विशेष उम्मीदवार को चुनाव में फायदा पहुंचाना नहीं था। इसके बजाय, कोशिश राजनीतिक और सामाजिक मतभेदों को बढ़ाने तथा लोगों को मतदान से हतोत्साहित करने की थी। एक अधिकारी ने बताया कि इस तरह के अभियान में लोगों से सीधे किसी उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए नहीं कहा जाता। इसके बजाय समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच टकराव बढ़ाया जाता है और लोकतंत्र के प्रति नकारात्मक सोच पैदा करने की कोशिश की जाती है।




















