UP News:नूंह सड़क हादसे में शहीद 4 पुलिसकर्मियों को अंतिम विदाई, हर किसी की आंखें हुईं नम

जालौन। नूंह में एक्सप्रेसवे पर हादसे में चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। उरई पुलिस लाइन में शहीद पुलिसकर्मियों को अंतिम सलामी दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सरकार ने परिवारों को आर्थिक मदद और नौकरी का आश्वासन दिया है।
उरई पुलिस लाइन में अंतिम विदाई
उरई स्थित पुलिस लाइन में शहीद जवानों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर जैसे ही पहुंचे, पूरा परिसर गमगीन हो गया। पुलिसकर्मियों ने सलामी देकर अपने साथियों को श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों और स्थानीय लोगों की आंखें नम हो गईं।
ओवरटेक के दौरान हुआ था दर्दनाक हादसा
बता दें कि यह हादसा उस समय हुआ जब उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम अपहरण के मामले में दबिश देने जा रही थी। एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक के दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद गाड़ी दूसरी वाहन से टकरा गई। इस दुर्घटना में दारोगा सत्यभान, मोहित यादव और सिपाही प्रदीप और अशोक की मौत हो गई। हादसे ने पूरे विभाग को स्तब्ध कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अंतिम विदाई के दौरान शहीद जवानों के परिवारों का दर्द साफ दिखाई दिया। परिजन अपने प्रियजनों को खोने का दुख सह नहीं पा रहे थे। सत्यभान के बेटे मंजीत सिंह समेत सभी परिजन फूट-फूटकर रो पड़े। अधिकारियों ने उन्हें ढांढस बंधाया। हर किसी की आंखें नम थीं और माहौल पूरी तरह शोक में डूबा था।
ये भी पढ़ें: मुंबई: एयरपोर्ट के अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में लगी आग, MMRCL ने बताया मामूली घटना
सरकार ने किया सहायता राशि का ऐलान
वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। डीजी ने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। सरकार की ओर से 1 करोड़ 90 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई। साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन भी दिया गया।












