मेरी हाफ सैंचुरी में कोई दिलचस्पी नहीं :अगला लक्ष्य डबल सैंचुरी है, पीटरसन के इंटरव्यू में बोले वैभव सूर्यवंशी

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने आने वाले समय में डबल सैंचुरी मारने को लेकर कई बातें कही है। 15 साल के बल्लेबाज ने कहा है कि उन्हें सिर्फ अर्धशतक या शतक बनाने में दिलचस्पी नहीं है, बल्कि वे T20 क्रिकेट में 200 रन का इंडिविजुअल स्कोर बनाना चाहते हैं।
वैभव ने यह बातें इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहीं। उन्होंने साफ कहा कि उनका सपना IPL में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ना है।
क्रिस गेल का रिकॉर्ड क्यों है खास?
वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने IPL 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 66 गेंदों में नाबाद 175 रन बनाए थे। यह आज भी T20 क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उसी मुकाबले में गेल ने 30 गेंदों में शतक लगाया था, जो आज भी IPL का सबसे तेज शतक माना जाता है। अब वैभव इसी रिकॉर्ड को चुनौती देना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा के नाम IPL का शर्मनाक रिकॉर्ड : राजस्थान के खिलाफ ‘0’ पर आउट, देखें टॉप- 5 लिस्ट
इस सीजन में शानदार फॉर्म में दिखे वैभव
वैभव सूर्यवंशी इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने इस सीजन के 14 मैचों में 583 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 232 से ज्यादा रहा है। खास बात यह है कि उन्होंने 53 छक्के लगाए, जो किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा हैं। ऐसे में उनकी निडर बल्लेबाजी की पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है।
12 साल की उम्र में किया रणजी डेब्यू
वैभव ने जनवरी 2024 में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 12 साल थी। उन्होंने सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह जैसे बड़े नामों को पीछे छोड़ते हुए घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में जगह बनाई।
अंडर-19 यूथ टेस्ट में 58 गेंदों में शतक
13 साल की उम्र में वैभव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-19 यूथ टेस्ट में सिर्फ 58 गेंदों पर शतक जड़ दिया था। यह अंडर-19 टेस्ट क्रिकेट के सबसे तेज शतकों में शामिल है। उन्होंने उस मैच में 62 गेंदों पर 104 रन बनाए थे, जिसमें 14 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वैभव ने अब तक 8 लिस्ट-A मैचों में 353 रन बनाए हैं। उनका औसत 44.12 और स्ट्राइक रेट करीब 165 रहा है। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 190 रन रहा।
IPL 2025 में उन्होंने सिर्फ 7 मैचों में 252 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें इंडिया-A टीम में भी जगह मिली।
एशिया कप में भी बल्ले से मचाया धमाल
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 T20 टूर्नामेंट में वैभव ने 4 मैचों में 239 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 243 से ज्यादा रहा। इस दौरान उन्होंने एक शतक लगाया और 22 छक्के जड़े। कम उम्र में बड़े रिकॉर्ड और बड़े सपने… यही वजह है कि क्रिकेट जगत अब वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा स्टार मान रहा है।











