NIA Raid : ISIS की साजिश पर एनआईए का बड़ा एक्शन, महाराष्ट्र-कर्नाटक के 44 ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली। आतंकी संगठन ISIS की साजिश के खिलाफ नेशनल इंटेलिजेंस एजेंसी (NIA) ने शनिवार सुबह महाराष्ट्र और कर्नाटक में लगभग 44 लोकेशन पर छापा मारा है। एजेंसी ने महाराष्ट्र में ठाणे, पुणे से लेकर मीरा भायंदर तक में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। वहीं, कर्नाटक में भी एजेंसी ने कई जगहों पर सुबह-सुबह छापे मारे। ये छापेमारी वैश्विक आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (ISIS) के जरिए देशभर में आतंकी हमला करने की साजिश से जुड़े एक मामले में हो रही है।
कहां-कहां हुई छापेमारी
एएनआई के मुताबिक, शनिवार सुबह से जिन 44 जगहों पर एनआईए की छापेमारी चल रही है। उसमें से कर्नाटक में एक जगह पर छापेमारी हुई है। वहीं पुणे में 2, ठाणे ग्रामीण में 31, ठाणे सिटी में 9 और भयांदर में एक जगह सर्चिंग की गई। भारत में आतंक और हिंसा फैलाने की आतंकवादी संगठन की साजिशों को नाकाम करने के लिए एनआईए जांच कर रही है। पहले भी इस तरह की छापेमारी की गई है, जिसमें कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।




















