Delhi Metro:न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद, इंटरचेंज सुविधा भी पूरी तरह ठप

राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लेते हुए न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया है। अब इस स्टेशन पर यात्रियों को एंट्री, एग्जिट के साथ इंटरचेंज की सुविधा भी नहीं मिलेगी। DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा। साथ ही यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी जताया गया है।
अब इंटरचेंज भी नहीं कर सकेंगे यात्री
पहले न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर केवल आवाजाही सीमित किए जाने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन ताजा आदेश के बाद स्टेशन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसका मतलब है कि अब यहां से किसी भी मेट्रो लाइन के बीच इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। ऐसे में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मेट्रो स्टेशनों और मार्गों का सहारा लेना होगा।
पहले ही 17 मेट्रो स्टेशन किए जा चुके हैं बंद
इससे पहले डीएमआरसी ने शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से सुरक्षा कारणों के चलते राजधानी के 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद करने की घोषणा की थी। उस समय राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर केवल इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई थी लेकिन अब न्यू दिल्ली स्टेशन पर यह सुविधा भी समाप्त कर दी गई है।
इन 17 स्टेशनों पर पहले से लागू है प्रतिबंध
सुरक्षा कारणों से जिन मेट्रो स्टेशनों को पहले ही बंद किया गया है, उनमें-
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंभा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
- झंडेवालान
शामिल हैं।
राजधानी में हाई अलर्ट
दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी में हाई अलर्ट घोषित किया है। बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है जबकि पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक अपडेट जरूर देखें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाकर ही घर से निकलें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।












