Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच नेतन्याहू अस्पताल में भर्ती!PMO ने बताया कारण, जानें किस समस्या से जूझ रहे हैं

नेतन्याहू ने हाल ही में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि उनके प्रोस्टेट में घातक ट्यूमर पाया गया था। उनके मुताबिक, इसका सफलतापूर्वक रेडिएशन उपचार किया गया।
PMO ने बताया कारण, जानें किस समस्या से जूझ रहे हैं

ईरान के साथ जारी कूटनीतिक बातचीत के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, उन्हें दांत से जुड़ी समस्या के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, 76 वर्षीय नेतन्याहू को यरुशलम स्थित हदासा ऐन केरेम मेडिकल सेंटर में भर्ती किया गया, जहां उनका डेंटल ट्रीटमेंट चल रहा है। हालांकि इलाज की प्रकृति को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।

नेतन्याहू की सेहत बार-बार चर्चा में क्यों रहती है?

पिछले कुछ समय से नेतन्याहू का स्वास्थ्य इजरायल की राजनीति में बड़ा मुद्दा बना हुआ है। विपक्षी दल और आलोचक कई बार उन पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां सार्वजनिक न करने के आरोप लगा चुके हैं। इसी वजह से उनकी वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति को लेकर देश में लगातार चर्चा और अटकलें बनी रहती हैं।

ऐसे समय में, जब इजरायल क्षेत्रीय तनाव, सुरक्षा चुनौतियों और ईरान से जुड़े मुद्दों से जूझ रहा है, प्रधानमंत्री की सेहत राजनीतिक और रणनीतिक दोनों नजरिए से अहम मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें: Quad Meeting 2026: भारत की मेजबानी में क्वाड बैठक, उठा इंडो-पैसिफिक का मुद्दा, मार्को रुबियो बोले- 'होर्मुज हर हाल में खुलेगा'!

पिछले महीने ट्यूमर का खुलासा किया था

नेतन्याहू ने हाल ही में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि उनके प्रोस्टेट में घातक ट्यूमर पाया गया था। उनके मुताबिक, इसका सफलतापूर्वक रेडिएशन उपचार किया गया। उन्होंने कहा था कि यह जानकारी पहले सार्वजनिक नहीं की गई, क्योंकि उस समय ईरान के साथ तनाव और युद्ध जैसी स्थिति थी।

नेतन्याहू का दावा था कि विरोधी देश इस जानकारी का इस्तेमाल इजरायल के खिलाफ प्रचार या रणनीतिक लाभ के लिए कर सकते थे। हालांकि उन्होंने बीमारी का पता कब चला, इलाज कब शुरू हुआ और कब खत्म हुआ, इसकी विस्तृत टाइमलाइन साझा नहीं की थी।

यह भी पढ़ें: बेल्जियम में ट्रेन-स्कूल बस की टक्कर : दो छात्रों समेत 4 की मौत, यूरोपीय यूनियन और बेल्जियम सरकार ने जताया दुख

कई बार अस्पताल जा चुके हैं नेतन्याहू

बीते कुछ वर्षों में नेतन्याहू को कई स्वास्थ्य कारणों से इलाज कराना पड़ा है। जुलाई 2023 में उन्होंने पेसमेकर लगवाया था। इसके बाद मार्च 2024 में उनकी हर्निया सर्जरी हुई। दिसंबर 2024 में प्रोस्टेट ग्लैंड निकालने की सर्जरी भी कराई गई थी।

एक बार उन्हें शरीर में पानी की कमी की वजह से भी अस्पताल में भर्ती किया गया था, हालांकि बाद में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया था कि उनके शरीर में त्वचा के नीचे हार्ट मॉनिटर लगाया गया था।

अक्सर ध्यान खींचती है मेडिकल अपडेट

यह मामला सिर्फ एक डेंटल ट्रीटमेंट तक सीमित नहीं है। मध्य-पूर्व में जारी तनाव, ईरान से बातचीत और इजरायल की सुरक्षा चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री की सेहत सीधे राजनीतिक स्थिरता और फैसलों से जुड़ा मुद्दा बन जाती है। यही वजह है कि नेतन्याहू की हर मेडिकल अपडेट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचती है।

Aakash Waghmare
By Aakash Waghmare

आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...

Latest Posts