PlayBreaking News

बेल्जियम में ट्रेन-स्कूल बस की टक्कर :दो छात्रों समेत 4 की मौत, यूरोपीय यूनियन और बेल्जियम सरकार ने जताया दुख

बेल्जियम के बुगेनहाउट में मंगलवार सुबह स्कूल बच्चों को लेकर जा रही मिनीबस ट्रेन से टकरा गई। हादसे में दो छात्रों, बस ड्राइवर और एक वयस्क की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के समय रेलवे फाटक बंद था और चेतावनी लाइट जल रही थी।
Follow on Google News
दो छात्रों समेत 4 की मौत, यूरोपीय यूनियन और बेल्जियम सरकार ने जताया दुख

यूरोपीय देश बेल्जियम में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। राजधानी ब्रसेल्स के पास बुगेनहाउट इलाके में एक स्कूल मिनीबस ट्रेन से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई गई थी, जबकि बाद में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मृतकों में दो छात्र, बस ड्राइवर और बच्चों के साथ मौजूद एक वयस्क शामिल हैं। हादसे में कई अन्य लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।

रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। स्कूल मिनीबस बुगेनहाउट स्टेशन के पास एक लेवल क्रॉसिंग से गुजर रही थी, तभी एक यात्री ट्रेन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय रेलवे क्रॉसिंग के सुरक्षा बैरियर नीचे थे और चेतावनी के लिए लाल बत्तियां भी जल रही थीं। इसके बावजूद बस ट्रैक पर पहुंच गई और हादसा हो गया।

बस में सवार थे बच्चे और स्टाफ

पुलिस के मुताबिक, मिनीबस में सात बच्चे, एक ड्राइवर और एक सुपरवाइजर सवार थे। बताया जा रहा है कि, बस विशेष शिक्षा स्कूल जा रही थी और उसमें सेकेंडरी स्कूल के छात्र बैठे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची इमरजेंसी टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

ट्रेन यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेन में करीब 100 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि ट्रेन में बैठे किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेल नेटवर्क ऑपरेटर इंफ्राबेल के प्रवक्ता फ्रेडरिक सैक्रे ने कहा कि टक्कर बेहद भयावह थी और हादसे का असर काफी गंभीर रहा।

हादसे के बाद रेल सेवाएं प्रभावित

दुर्घटना के बाद डेंडरमोंडे और लोंडरजील के बीच रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं। पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर सुरक्षा बैरियर बंद होने के बावजूद बस ट्रैक तक कैसे पहुंची।

Featured News

यूरोपीय यूनियन और बेल्जियम सरकार ने जताया दुख

इस हादसे पर यूरोपीय यूनियन की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यूरोप इस दुख की घड़ी में बेल्जियम के साथ खड़ा है। वहीं बेल्जियम के गृह मंत्री बर्नार्ड क्विंटिन ने सोशल मीडिया पर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बेल्जियम की न्याय मंत्री एनेलीज वर्लिंडन ने भी हादसे को बेहद दुखद बताते हुए इमरजेंसी सेवाओं और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

बेल्जियम में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

बेल्जियम में रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर हादसों का इतिहास रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 2025 में ऐसी दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई थी। हालांकि यह संख्या 2020 के बाद सबसे कम बताई गई थी। इस नए हादसे ने एक बार फिर रेलवे क्रॉसिंग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts