नेपाल की बाढ़ में इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के CEO लक्स गोपीसेटी लापता, नहीं हो पा रहा संपर्क

इंफोसिस के मुताबिक लक्स गोपीसेटी निजी यात्रा पर नेपाल गए थे और यह उनका कोई आधिकारिक वर्क ट्रिप नहीं था। कंपनी अथॉरिटीज के साथ मिलकर उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही है और उनके परिवार को हर संभव मदद दे रही है। फिलहाल उनकी लोकेशन या उनके साथ क्या हुआ, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया है कि संपर्क नहीं हो पाने का मतलब यह नहीं है कि किसी व्यक्ति की मौत हो गई है।
तलाश में जुटीं एजेंसियां
इंफोसिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि कंपनी की पहली प्राथमिकता लक्स गोपीसेटी की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करना है। संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर जानकारी जुटाई जा रही है और उनसे संपर्क साधने की कोशिश जारी है। कंपनी उनके परिवार को भी हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है।
ये भी पढ़ें: हींग में मिली बड़ी गड़बड़ी! एवरेस्ट समेत इस कंपनी पर FSSAI का एक्शन
करीब 300 भारतीय लापता
विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई आपदा के बाद करीब 300 भारतीय नागरिक लापता या संपर्क से बाहर हैं। वहीं करीब 400 अन्य भारतीय चीन सीमा की तरफ फंसे हुए हैं। नेपाल और तिब्बत के पूरे क्षेत्र में हजारों लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है।
बर्फ और चट्टानें खिसकने से आई अचानक बाढ़
हिमालयन रीजन में बर्फ और चट्टानों के खिसकने के बाद अचानक बाढ़ आई। तेज बहाव के साथ पानी, कीचड़ और मलबा नीचे की तरफ आया, जिससे सड़कें, पुल और कई बस्तियां बह गईं। इसके चलते कई इलाकों में संचार और यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
ये भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ में MP के 7 लोग फंसे, अनूपपुर की दो बहनें सुरक्षित मिलीं; 5 की तलाश जारी
हेलिकॉप्टर, ड्रोन और बोट्स से राहत अभियान जारी
राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमें हेलिकॉप्टर, बोट्स और ड्रोन की मदद ले रही हैं। अस्पतालों, शेल्टर्स और स्थानीय टीमों को भी अभियान में शामिल किया गया है। टूटी सड़कों और खराब रास्तों के कारण राहत और बचाव अभियान की रफ्तार कुछ धीमी हुई है, लेकिन लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।




















