NEET UG 2025 का रिजल्ट जारी, इंदौर के उत्कर्ष अवधिया ने हासिल की ऑल इंडिया सेकेंड रैंक

Follow on Google News
NEET UG 2025 का रिजल्ट जारी, इंदौर के उत्कर्ष अवधिया ने हासिल की ऑल इंडिया सेकेंड रैंक
NEET UG 2025नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शनिवार को नीट यूजी 2025 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस बार इंदौर के उत्कर्ष अवधिया ने देशभर में दूसरी रैंक हासिल कर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। छात्र अपना रिजल्ट neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें एडमिट कार्ड नंबर और जन्मतिथि की जरूरत होगी।

नीट की टॉपर्स लिस्ट यहां चेक करें

  • महेश कुमार - रैंक 1
  • उत्कर्ष अवधिया - रैंक 2
  • कृषांग जोशी - रैंक 3
  • मृणाल किशोर झा- रैंक 4
  • अविका अग्रवाल - रैंक 5
  • जेनिल विनोदभाई भयानी - रैंक 6
  • केशव मित्तल - रैंक 7
  • झा भव्य चिराग - रैंक 8
  • हर्ष केदावत - रैंक 9
  • आरव अग्रवाल - रैंक 10

हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ रिजल्ट

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने सुनवाई करते हुए याचिका लगाने वाले 75 छात्रों को छोड़कर बाकी सभी छात्रों के रिजल्ट जारी करने के निर्देश दिए थे। कोर्ट में यह मामला परीक्षा के दौरान तकनीकी खामियों के कारण पहुंचा था।

20 लाख से अधिक छात्रों ने दी थी परीक्षा

नीट यूजी परीक्षा देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है। इस साल करीब 20 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा 4 मई को आयोजित की गई थी। रिजल्ट जारी होते ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक के कारण साइट स्लो हो रही है। ऐसे में उम्मीदवारों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।

प्रदेश में एमबीबीएस सीटें - 5025

मध्यप्रदेश में कुल 5025 एमबीबीएस सीटें हैं। इनमें से 17 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 2488 सीटें हैं और 13 निजी मेडिकल कॉलेजों में 2450 सीटें हैं। इसके अलावा प्रदेश में 13 निजी डेंटल कॉलेज भी हैं जिनमें कुल 1220 बीडीएस सीटें मौजूद हैं। जल्द ही काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी जिसमें इन सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।

बिजली गुल होने से परीक्षा में आई थी दिक्कत

इंदौर में परीक्षा के दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया था। तेज आंधी और बारिश के कारण करीब 11 परीक्षा केंद्रों की बिजली चली गई थी। इससे लगभग 600 छात्र सीधे तौर पर प्रभावित हुए। कई छात्रों को मोमबत्ती और मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में पेपर देना पड़ा। अंधेरे में प्रश्नपत्र पढ़ने में भी कठिनाई हुई। परीक्षा के बाद कई छात्र भावुक होकर बाहर आए।

75 छात्रों ने कोर्ट में लगाई थी याचिका

परीक्षा के दौरान हुई गड़बड़ी के खिलाफ 75 छात्रों ने इंदौर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने सुनवाई के बाद 75 छात्रों के रिजल्ट पर रोक लगाते हुए बाकी सभी छात्रों का रिजल्ट जारी करने के निर्देश दिए।

वेबसाइट पर जाकर ऐसे देख सकते हैं अपना रिजल्ट-

  • NEET UG रिजल्ट 2025 ऐसे करें चेक।
  • ऑफिशियल वेबसाइट nta.nic.in पर जाएं।
  • होमपेज पर लेटेस्ट न्यूज सेक्शन में जाकर "नीट यूजी 2025 रिजल्ट" के लिंक पर क्लिक करें।
  • एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज करें।
  • लॉग इन डिटेल्स दर्ज करते ही स्क्रीन पर रिजल्ट दिखेगा।
  • इसे चेक करके डाउनलोड करें।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts