भोपाल:NEET पेपर लीक के विरोध में NSUI का उग्र प्रदर्शन, 5 बार चला वाटर कैनन; दिग्विजय-जीतू पटवारी समेत 200 कार्यकर्ता हिरासत में

भोपाल में NEET पेपर लीक के विरोध में NSUI ने उग्र प्रदर्शन किया जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पांच बार वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी सहित लगभग 200 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
NEET पेपर लीक के विरोध में NSUI का उग्र प्रदर्शन, 5 बार चला वाटर कैनन; दिग्विजय-जीतू पटवारी समेत 200 कार्यकर्ता हिरासत में

भोपाल में शुक्रवार को NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस छात्र संगठन NSUI ने जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री निवास के घेराव के लिए निकले सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शन उग्र हो गया और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पांच बार वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर जूता फेंक दिया जिससे पुलिस अधिकारियों ने नाराजगी जताई। अधिकारियों ने माइक के जरिए चेतावनी दी कि अभद्र व्यवहार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस ने किया बल प्रयोग

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और उसे पार करने की कोशिश करने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे पीछे हटने को तैयार नहीं हुए तो वाटर कैनन चलाया गया। तेज बौछारों के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। कुछ समय तक रेडक्रॉस चौराहा पूरी तरह आंदोलन का केंद्र बना रहा।

दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी समेत 200 लोग हिरासत में

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित करीब 200 कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले गई।

ये भी पढ़ें: MP News: शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में कटौती, 15 दिन बढ़ाने की घोषणा के बाद 7 जून तक ही रहेंगी छुट्टियां

केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि NEET परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग भी उठाई।

ये भी पढ़ें: CUET UG 2026 : तकनीकी गड़बड़ी से प्रभावित छात्रों को राहत, NTA कराएगी दोबारा परीक्षा

शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामलों ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना था कि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है और सरकार जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस और NSUI ने मांग की है कि NEET परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts