Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में चार मंजिला इमारत ढही, 3 की मौत, दो लोगों को बचाया

Follow on Google News
नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में चार मंजिला इमारत ढही, 3 की मौत, दो लोगों को बचाया
मुंबईमहाराष्ट्र में नवी मुंबई के सीबीडी बेलापुर इलाके में शनिवार को चार मंजिला एक आवासीय इमारत ढह गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को मलबे से निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा शाहबाज गांव में हुआ। इस हादसे में अधिक लोगों की जान जा सकती थी, लेकिन सुबह इमारत में दरारें देखे जाने के बाद उसमें रह रहे 52 अन्य निवासियों को बाहर निकाल लिया गया था।

मलबे से तीन शव बरामद

नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) के आयुक्त कैलाश शिंदे ने बताया कि, आज तड़के करीब 4 बजकर 50 मिनट पर चार मंजिला एक इमारत ढह गई, जिसमें 13 कमरे और तीन दुकानें थीं। इमारत ढहने के बाद मलबे में फंसे एक पुरुष और एक महिला को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और नगर निगम के दमकल कर्मियों ने बचाव अभियान शुरू किया। दोपहर में मलबे से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। जबकि कुछ घंटों बाद दो अन्य शव बरामद किए गए। दो लोगों - लाल मोहम्मद (22) और रुखसाना (21) को सुरक्षित निकाला गया।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान मोहम्मद मिराज अल्ताफ हुसैन (30), मिराज सैफ अंसारी (24) और शफीक अहमद रहमत अली अंसारी (28) के रूप में की गयी है। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।

10 साल पुरानी थी इमारत

नगर निगम आयुक्त के अनुसार, यह इमारत 10 साल पुरानी थी और घटना की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। एनएमएमसी के मंडलीय दमकल अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव ने बताया कि तड़के वहां रह रहे कुछ लोगों ने इमारत में दरारें देखी थीं, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और 13 बच्चों सहित 52 निवासियों को इमारत से बाहर निकाल लिया। इसके तुरंत बाद ही इमारत ढह गई। NDRF ने कहा कि अंतिम तलाश अभियान जारी है और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।

CM एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को दिए निर्देश

नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक के लिए नई दिल्ली गए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फोन पर नवी मुंबई नगर निगम आयुक्त से बात की और उन्हें निर्देश दिया कि घायलों और प्रभावित व्यक्तियों को आवश्यक सहायता मुहैया कराई जाए। ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में बड़ा हादसा : अनंतनाग के डक्सुम में बेकाबू होकर कार खाई में गिरी, 5 बच्चों समेत 8 की मौत
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts