अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एनकाउंटर, पुलिस ने दो संदिग्धों को किया ढेर, मुठभेड़ में 2 पुलिसकर्मी भी घायल

हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो संदिग्धों को मार गिराने का दावा किया है। इनकी पहचान सुमित और मोहित के तौर पर बताई जा रही है। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई।
परिवार से मिले डीएम और एसपी
एनकाउंटर से पहले शामली के डीएम और एसपी बंतीखेड़ा गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने अंकित बालियान के पिता सतवीर सिंह और परिवार के दूसरे सदस्यों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिवार को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था। इससे पहले परिवार पुलिस की कार्रवाई से नाराज था और उसने पुलिस को चार दिन का समय दिया था।
आधी रात से शुरू हुई नाकेबंदी
शामली एसपी के मुताबिक, अंकित की हत्या के बाद SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, सभी SHO, ASP और CO स्तर के अधिकारियों को जांच में लगाया गया था। पुलिस ने रात से सुबह तक जिले में नाकेबंदी की थी, ताकि बिना चेकिंग कोई संदिग्ध वाहन जिले में प्रवेश न कर सके।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग
एसपी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे हिजाना के SHO वीरेंद्र कसाना स्टेशन के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की तरफ से एक बाइक आती दिखाई दी। बाइक पर दो संदिग्ध सवार थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी गाड़ी में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने वायरलेस पर अलर्ट जारी कर दिया। संदिग्ध तेजी से कैराना की तरफ भागने लगे।
कई टीमों ने घेरा इलाका
मन्ना मादरा पुल के पास कोतवाली के SHO धर्मेंद्र गौतम ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने यहां भी पुलिस पर गोली चला दी, जिससे पुलिस की गाड़ी का विंडशील्ड टूट गया। अलर्ट मिलने के बाद SWAT टीम, सर्विलांस टीम, SHO, CO सिटी, ASP और CO कैराना समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद संदिग्धों को घेर लिया गया और मुठभेड़ शुरू हो गई।
चार शूटरों ने की थी अंकित की हत्या
पुलिस जांच के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के लिए कुल चार बदमाश आए थे। बताया जा रहा है कि चारों ने मिलकर अंकित पर फायरिंग की थी। CCTV फुटेज में दो आरोपी पीले गमछे में नजर आए थे। वारदात के बाद सभी आरोपी हरियाणा की ओर भागते दिखाई दिए थे। फुटेज में एक आरोपी के भागते समय फोन पर बात करने की जानकारी भी सामने आई थी।
हरियाणा तक पहुंची जांच
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच अब हरियाणा तक पहुंच गई है। शामली और मेरठ पुलिस की टीमें हिसार, रोहतक और करनाल पहुंची हैं। पुलिस को शक है कि हत्या में शामिल शूटर इन्हीं इलाकों से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले में बाकी आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।




















