भोपाल में कॉलेज छात्रों के विवाद में पिस्टल लहराने का आरोप, बीच-बचाव करने आए पुलिस जवान पर भी तानी

भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी चौराहे पर TIT कॉलेज के छात्रों के बीच चल रहे विवाद में पिस्टल लहराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक सप्ताह पुरानी रंजिश के चलते दो युवक रेस्टोरेंट पहुंचे और वहां दूसरे छात्र को धमकाने लगे। इस दौरान विवाद शांत कराने आए पुलिस जवान पर भी पिस्टल तानने का आरोप है। घटना रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
एक सप्ताह पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले कॉलेज के छात्र शिवांशु और पृथ्वीराज सिंह राजपूत के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान पृथ्वीराज के साथियों ने शिवांशु के साथ मारपीट की थी। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। इसी रंजिश के चलते पृथ्वीराज सिंह राजपूत अपने साथी राज राजपूत के साथ इंद्रपुरी चौराहे स्थित एक रेस्टोरेंट पहुंचा। आरोप है कि वहां राज राजपूत के पास पिस्टल थी और वह शिवांशु को धमकाने की कोशिश कर रहा था।
बीच-बचाव करने आए पुलिस जवान पर पिस्टल तानने का आरोप
रेस्टोरेंट में मौजूद पुलिस जवान पंकज डेहरिया ने विवाद शांत कराने और युवक को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान राज राजपूत ने पुलिस जवान पर भी पिस्टल तान दी। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस जांच में फुटेज और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की अहम भूमिका हो सकती है।
भोपाल में एक्टिवा और जूपिटर से शराब की अवैध सप्लाई, दो लोग गिरफ्तार; होटल-ढाबों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश जारी
ACP आदिति बी. सक्सेना के मुताबिक, TIT कॉलेज के छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद चल रहा है। पृथ्वीराज सिंह अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा था और उसके हाथ में पिस्टल थी। मामले में मारपीट सहित गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। ACP के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। आरोपी के पकड़े जाने पर आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई जाएगी।




















