इंदौर में चरैवेति एकत्रीकरण: सह सरकार्यवाह अतुल लिमये बोले-संघ का लक्ष्य 100% समाज तक पहुंच और गुणवत्तापूर्ण कार्य

इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अतुल लिमये ने कहा कि समाज संगठन और परिवर्तन का कार्य कठिन और श्रमसाध्य है, इसे वीरव्रत से विजयी सिद्ध करना है। समाज की चुनौतियों के समाधान के लिए सज्जन शक्ति के साथ कार्य करने की शैली विकसित करनी होगी। समाज को भी साथ लगना होगा, जगन्नाथ का रथ तभी आगे बढ़ेगा जब सबका हाथ लगेगा। लिमये शनिवार शाम इंदौर विभाग के चरैवेति एकत्रीकरण को संबोधित कर रहे थे। शताब्दी वर्ष के समारोप के रूप में आयोजित इस एकत्रीकरण में इंदौर विभाग के पांच जिलों के स्वयंसेवक शामिल हुए।
शाखा पद्धति से खड़ी हुई राष्ट्रभक्तों की मालिका
उन्होंने कहा कि संघ की 100 वर्षों की यात्रा स्वयंसेवकों के अथक परिश्रम की विजय यात्रा है। शाखा पद्धति से देश के लिए जीने वाले स्वयंसेवकों और व्रती परिवारों की लंबी श्रृंखला खड़ी हुई है। तीन लाख गांवों तक जागरण पत्रिकाएं और राष्ट्रीय विचार पहुंचाने के लिए विश्व संवाद केंद्र चल रहे हैं। संपर्क विभाग सज्जन शक्ति को जोड़ रहा है, तो छह गतिविधियों के माध्यम से समाज की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: RSS की संरचना में होगा बदलाव: जिलों की संख्या बढ़ाने के साथ कई प्रस्तावों पर इंदौर बैठक में लगेगी मुहर
पंच परिवर्तन से बदलेगा समाज का आचरण
लिमये ने कहा कि संगठन के विस्तार के साथ संतुष्टि का भाव न आए, असंतुष्टि के भाव से काम करना होगा। सर्व समाज में संघ भाव की व्याप्ति का संकल्प लेना है। समाज का मन देश के अनुकूल हो और आचरण बदले, इसके लिए विमर्श क्षेत्र में रचनाएं खड़ी करनी हैं। विषमता का व्यवहार किसी घटक द्वारा न हो, इसके लिए पंच परिवर्तन का संकल्प लिया है। 10 लाख से अधिक सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं से संवाद-समन्वय जरूरी है। इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम का आरंभ ध्वजारोहण और प्रार्थना से हुआ, सामूहिक योग प्रदर्शन हुआ। विभाग कार्यवाह रित्नेश रघुवंशी ने प्रतिवेदन रखा। मंच पर प्रांत संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री, विभाग संघचालक डॉ. मुकेश मोढ और मुख्य अतिथि उद्योगपति प्रशांत शाह उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: मोहन भागवत अचानक पहुंचे भोपाल, जैन मुनि समय सागर महाराज से की मुलाकात




















