'दुनिया में बढ़ी भारत की ताकत', BRICS पर बोले CM योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में चल रहे BRICS Summit को नए भारत की बढ़ती ताकत और बदलती भूमिका का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि 11 से 13 सितंबर तक आयोजित हो रहा यह सम्मेलन दुनिया के सामने भारत की नई पहचान को दिखाता है।
'अब भारत पिछलग्गू राष्ट्र नहीं'
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। 2014 के बाद देश ने नई सोच और नए विजन के साथ आगे बढ़ते हुए खुद को एक मजबूत राष्ट्र के तौर पर स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का पिछलग्गू देश नहीं, बल्कि एक ताकत के रूप में सामने आया है।
टॉप-5 इकोनॉमी और G20 का जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत दुनिया की टॉप-5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। साथ ही G20 की सफल मेजबानी से भारत ने दुनिया के सामने अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का भी जिक्र किया।
17 सितंबर से होंगे खास कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे महीने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योगी के मुताबिक, इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री के कामों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: पासपोर्ट बदला, देश बदले, ठिकाने बदले... फिर भी पुलिस से नहीं बच सका अमृत डालम
कोरोना काल की उपलब्धियां भी गिनाईं
योगी ने कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने मुश्किल दौर में तेजी से काम किया। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए 80 करोड़ लोगों को राशन, 12 करोड़ शौचालय और 3 करोड़ बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही।
यूपी में होंगे 11 प्रमुख कार्यक्रम
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने और तीन तलाक कानून जैसे फैसलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने में उत्तर प्रदेश ने बेहतर काम किया है। प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को लेकर प्रदेश में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




















