भारत आए शी जिनपिंग, PM मोदी से मुलाकात पर टिकी नजर, आज BRICS में दिखेगी बड़ी कूटनीति

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार, 12 सितंबर को BRICS समिट में शामिल होने भारत पहुंच गए हैं। उनका विमान दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा। एयरपोर्ट से वह सीधे होटल जाएंगे। दोपहर करीब 2 बजे BRICS देशों के अन्य नेता भारत मंडपम पहुंचेंगे और इसके बाद सम्मेलन की शुरुआत होगी।
ग्लोबल गवर्नेंस पर होगी चर्चा
BRICS समिट में दोपहर 2:30 बजे 'समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना' विषय पर चर्चा होगी। इसमें वैश्विक स्तर पर बदलती परिस्थितियों और बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर मंथन किया जाएगा। इसके बाद शाम 4:30 बजे BRICS नेता 'भारत इनोवेट्स' प्रदर्शनी का दौरा करेंगे।
फैमिली फोटो और पौधारोपण
शाम 5 बजे BRICS नेताओं की फैमिली फोटो होगी। इसके करीब आधे घंटे बाद सभी नेता भारत मंडपम के लॉन में संयुक्त रूप से पौधारोपण करेंगे। दिन का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर के साथ होगा। डिनर शाम 7:30 बजे भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
इथियोपिया और मलेशिया से भी अहम बातचीत
BRICS समिट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया और मलेशिया के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं। दोनों देशों ने भारत के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाने में रुचि दिखाई। बैठकों में रक्षा कर्मियों की ट्रेनिंग और भारत से रक्षा उपकरणों की खरीद जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
ये भी पढ़ें: बालाजी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में MBBS छात्र की संदिग्ध मौत,दोस्त के कमरे में मिली लाश
सेमीकंडक्टर और निवेश पर भी फोकस
भारत और मलेशिया के बीच सेमीकंडक्टर सेक्टर में सहयोग के अवसरों पर भी बातचीत हुई। वहीं इथियोपिया ने भारतीय कंपनियों और निवेश का स्वागत किया है। खासतौर पर वहां भारतीय खनन कंपनियों के लिए अवसरों पर चर्चा हुई। ऐसे में BRICS समिट सिर्फ वैश्विक मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत के लिए रक्षा, निवेश, तकनीक और कारोबार के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।




















