खरगोन में दर्दनाक हादसा, ट्रक ने बाइक को कुचला, दबने से युवती की मौत, हाईवे पर लगा 5 किमी लंबा जाम

खरगोन जिले में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मगरखेड़ी गांव के पास करीब 7 बजे ट्रक-ट्राले ने बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक पर पीछे बैठी 26 वर्षीय भूमि शर्मा ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक के नीचे फंसा युवती का शव
हादसे के बाद भूमि शर्मा का शव ट्रक के नीचे फंस गया। सूचना मिलते ही बलकवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया और शव को बाहर निकलवाया। वहीं, बाइक चला रहे आशीष परमार हादसे में घायल हो गए। उन्हें हाईवे एंबुलेंस से ठीकरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में 50 बच्चों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग, ड्राइवर को लगी गोली
हादसे के बाद ड्राइवर फरार
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभाली और शव को एंबुलेंस तक पहुंचाने में भी मदद की। पुलिस अब फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है। साथ ही हादसा किस वजह से हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।
हाईवे पर 5 किलोमीटर लंबा जाम
हादसे के कारण मुंबई-आगरा हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने नेशनल हाईवे टोल एरिया मैनेजर राकेश मंडलोई की टीम के साथ मिलकर यातायात को व्यवस्थित कराया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। फिलहाल बलकवाड़ा पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।




















